मार्ग दुर्घटना मे डेढ़ दर्जन लोग घायल
राठ, संवाद सहयोगी: परिवार सहित इंडिका गाड़ी में सवार होकर जा रहे आधा दर्जन लोग महोबा मार्ग पर स्थित नौहाई गांव के पास गाड़ी पलट जाने घायल हो गए। वहीं अन्य सड़क दुर्घटनाओं में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद के रामनगर मुहाल कालौनी निवासी महेश चंद्र वर्मा 38 अपने भाई अरविंद 30, पुत्री खुशी 9, पहू 7 , छुटकी 5 व पिता छोटेलाल वर्मा के साथ राठ नगर के बुधौलिया मुहाल छोटे भाई अरविंद की ससुराल से होकर रविवार सुबह इंडिका गाड़ी से वापस घर जा रहे थे। तभी राठ महोबा मार्ग पर स्थित नौहाई गांव के पास तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। जिससे गाड़ी में सवार सभी लोग घायल हो गए। वहीं राठ कोतवाली क्षेत्र के बिगवां गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र छेदीलाल अपनी पत्नी सूरज देवी के साथ बाइक में सवार होकर राठ आ रहा था। तभी कुंहरिया मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों लोग घायल हो गए। अन्य घटना में थाना डकोर के ग्राम कुठौंदा निवासी देवेंद्र 40, राममूर्ति 38, जयपाल 50 तथा ग्राम सैदपुर निवासी दिलीप 19 थाना मुस्करा के ग्राम छेड़ीबेनी निवासी मानसिंह 40 व ग्राम इमिलिया निवासी राकेश 27 अलग-अलग मार्ग दुर्घटना में घायल हो गए। जिन्हे इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया।