दूर होती जा रही दिल्ली, मुंबई की राह भी मुश्किल
गोरखपुर : कोहरा और ठंड के साथ गाड़ियों की लेटलतीफी भी बढ़ती जा रही है। अब तो ट्रेनों की समय-सारिणी भी
गोरखपुर : कोहरा और ठंड के साथ गाड़ियों की लेटलतीफी भी बढ़ती जा रही है। अब तो ट्रेनों की समय-सारिणी भी ध्वस्त हो गई है। गाड़ियां 2 से 20 घंटे की देरी से चल रही हैं। दिल्ली दूर होती जा रही तो मुंबई की राह कठिन हो गई है।
ट्रेन हो या स्टेशन। इंतजार दोनों तरफ है। सीट पर बैठे लोग भी ऊब जा रहे हैं। वह जल्दी घर पहुंचने के लिए ट्रेन की रफ्तार पकड़ने का इंतजार कर रहे हैं। दूसरी तरफ स्टेशन पर बैठे लोगों की आंखें 'डिस्प्ले बोर्ड' को निहारने में ही थक जा रही हैं। अंत में थकहार कर प्रतीक्षालय के किसी कोने में दुबक जा रहे हैं। सर्वाधिक परेशानी बच्चे और बुजुर्गो को हो रही है।
सोमवार को 12554 वैशाली एक्सप्रेस 14 घंटे की देरी से चल रही थी। ट्रेन का इंतजार कर रहे कुछ लोग वापस हो गए तो कई ठंड के चलते स्टेशन पर ही रुक गए। गोरखपुर आ रही 12556 गोरखधाम एक्सप्रेस तो 17 घंटे लेट थी। इसको लेकर यात्री ही नहीं परिजन भी परेशान रहे। गोरखनाथ निवासी व्यवसायी सत्येंद्र कुमार का कहना था कि उनका भाई ट्रेन में ही है। पता नहीं कब आएगा, फोन आया था कि उसने कुछ खाया भी नहीं है। अब तो आने-जाने का कार्यक्रम फिर से तय करना पड़ेगा। सत्येंद्र ही नहीं सैकड़ों परिजन ट्रेन के आने का इंतजार कर रहे थे।
शनिवार को सिर्फ एक दिन सही समय से रवाना हुई 11016 कुशीनगर एक्सप्रेस की रफ्तार फिर पटरी से उतर गई है। गोरखपुर पहुंचने वाली 11015 नंबर की ट्रेन रात 8 बजे के आसपास इलाहाबाद में थी, उसके पहुंचने के बाद दूसरे दिन मंगलवार को सोमवार वाली ट्रेन रवाना होगी।
ट्रेनों के विलंबन ने रेलवे प्रशासन को भी बैकफुट पर खड़ा कर दिया है। ट्रेनों की रफ्तार और टाइमिंग नहीं, अब तो संरक्षा और सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। चालकों को ट्रेन नियंत्रित कर चलाने के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विभाग के लोगों का कहना है कि परेशानी अभी और बढ़ेगी। कोहरा बढ़ा तो कुछ गाड़ियों को निरस्त भी किया जा सकता है।
---
लेट चलने वाली गाड़ियां
- 12556 गोरखधाम- 17 घंटे।
- 12553 वैशाली- 4.30 घंटे।
- 12554 वैशाली- 14.00 घंटे।
- 12587 अमरनाथ- 18 घटे।
- 12565 बिहारसंपर्क-7.45 घटे।
- 12566 बिहारसंपर्क- 17 घंटे।
- 12542 एलटीटीएक्स- 5 घंटे।
- 15003 चौरीचौरा- 8.00 घंटे।
- 15107 छपरामथुरा- 10 घंटे।
- 13019 बाघ एक्सप्रेस- 6 घंटे।
- 19039 अवध एक्स- 6 घंटे।