कड़े सुरक्षा प्रबंधों में मनेगा धनतेरस व दीपावली
गोरखपुर : जिले के लोग धनतेरस और दीपावली का त्योहार कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच मनाएंगे। इसके लिए पुल
गोरखपुर : जिले के लोग धनतेरस और दीपावली का त्योहार कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच मनाएंगे। इसके लिए पुलिस ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रमुख बाजारों और मोहल्लों में सुरक्षा के लिहाज से सीसी टीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से शहर क्षेत्र को तीन सुपर जोन, नो जोन और सैंतीस सेक्टर में बांटा गया है।
सुपर जोन की सुरक्षा की कमान क्षेत्राधिकारी के हाथ में होगी। एक क्षेत्राधिकारी के अधीन तीन जोन होंगे। थानेदारों को जोन का प्रभारी बनाया गया है। सेक्टर की सुरक्षा की कमान उप निरीक्षकों को दी गई है। पुलिस अधीक्षक नगर हेमराज मीणा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में सीओ और थानेदारों के अलावा 50 से अधिक उप निरीक्षक और तीन सौ दीवान तथा सिपाही तैनात किए गए हैं। इनके अलावा दो घुड़सवार पार्टी शहर के व्यस्ततम इलाकों में गश्त पर रहेगी। महिला पुलिस की चार स्पेशल टीम भी लगाई गई है। किसी विशेष परिस्थिति से निपटने के लिए यह टीम कैंट, कोतवाली, शाहपुर और गोरखनाथ थाने पर मौजूद रहेगी। पुलिस की मदद के लिए पीएसी के जवान भी लगाए गए हैं।
---
अलग से होगी पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था
दीपावली के मौके पर शहर में 630 लक्ष्मी प्रतिमा स्थापित होंगी। पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था अलग से की गई है। साथ ही पूजा समितियों से कहा गया है कि समिति का कोई न कोई जिम्मेदार व्यक्ति हर समय पंडाल में मौजूद रहे। प्रतिमाओं का विसर्जन एक नवंबर की रात से होगा।