आरक्षण में पदोन्नति बनाएंगे मुद्दा
गोरखपुर : सर्वजन हिताय संरक्षण समिति उ.प्र.के अध्यक्ष शैलेंद्र दुबे ने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण दे
गोरखपुर : सर्वजन हिताय संरक्षण समिति उ.प्र.के अध्यक्ष शैलेंद्र दुबे ने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण देश को खोखला कर रहा है। संगठन आगामी विधानसभा चुनाव में पदोन्नति में आरक्षण को मुद्दा बनाएगा और जो भी राजनीतिक दल लोकसभा में प्रस्तावित व राज्यसभा से पारित 117वें संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन करेगा, उसके विरुद्ध संगठन जमकर आंदोलन चलाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल 77 फीसद लोगों को उपेक्षित कर 23 फीसद वोटों के लिए राजनीति कर रहे हैं।
अध्यक्ष दुबे गोरखपुर में आयोजित विभिन्न सरकारी विभागों के सामान्य व पिछड़ी जाति के अधिकारी व कर्मचारी नेताओं के सम्मेलन के बाद प्रेस से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने आरक्षण में पदोन्नति के संसद के निर्णय को चार बार पलटा है। पांचवीं बार पुन: 117वां संविधान संशोधन विधेयक राज्य सभा से पास हो चुका है और उसे संसद के शीतकालीन सत्र में लोकसभा से पास कराने की तैयारी भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 30 लोगों के पैनल की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्यवाही कर रही है। यह कृत्य आगामी चुनाव में 23 फीसद लोगों के वोट लेने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामान्य व पिछड़ी जाति के प्रदेश के 20 लाख कर्मचारियों व अधिकारियों के माध्यम से दो करोड़ मतदाताओं का वोट संगठन प्रभावित करेगा। 'पदोन्नति में आरक्षण तो वोट नहीं' हमारा नारा है। कहा कि हमारा किसी राजनीतिक दल से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि 11 नवंबर को लखनऊ में सामान्य व पिछड़ी जाति के अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मेलन होगा, हम उन सभी राजनीतिक दलों को हराएंगे जो बिल का समर्थन करेंगे।