अब गोरखपुर से पाटलिपुत्र तक जाएंगी सवारी गाडि़यां
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : पटना जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। उन्हें हाजीपुर नहीं उतरना पड़
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : पटना जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। उन्हें हाजीपुर नहीं उतरना पड़ेगा, बल्कि सीधा पाटलिपुत्र तक पहुंच जाएंगे। सोनपुर-पटना के बीच दीघा रेल पुल बन जाने से अब रेल गाड़ियां 3 फरवरी से पाटलिपुत्र तक चलने लगेंगी। फिलहाल, पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने 4 सवारी गाड़ियों का मार्ग विस्तार करते हुए उन्हें पाटलिपुत्र तक चलाने का निर्णय लिया है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव के अनुसार मुजफ्फरपुर होकर चलने वाली 55042 गोरखपुर-सोनपुर सवारी गाड़ी पाटलिपुत्र तक चलेगी। यह ट्रेन सोनुपर से शाम 4.50 बजे से चलकर पहलेजाघाट होते हुए 5.10 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वहीं, मुजफ्फरपुर के रास्ते चलने वाली 55209 सोनपुर-गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन अब पाटलिपुत्र से चलेगी। यह ट्रेन पाटलिपुत्र से दोपहर 11.25 बजे से चलकर पहलेजाघाट होते हुए 11.55 बजे सोनपुर पहुंचेगी। वहां से फिर से गोरखपुर के लिए चलेगी।
इसीक्रम में कप्तानगंज-थावे होकर चलने वाली 55008 पैसेंजर ट्रेन सोनपुर न जाकर परमानंदपुर, पहलेजाघाट होते हुए पाटलिपुत्र तक जाएगी। यह ट्रेन छपरा से सुबह 8.50 बजे से चलकर 10.45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वहीं, 55007 सोनपुर से न चलकर पाटलिपुत्र से चलेगी। यह ट्रेन पाटलिपुत्र से शाम 6 बजे से चलकर रात 20.15 बजे छपरा पहुंचेगी। इसके बाद आगे गोरखपुर के लिए रवाना होगी। उक्त दोनों गाड़ियां पहले के स्टेशनों पर पूर्व निर्धारित समय और ठहराव के अनुसार ही चलाई जाएंगी। विभाग के लोगों का कहना है कि आगे से हावड़ा और कोलकाता जाने वाली अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों को भी पाटलिपुत्र के रास्ते चलाया जाएगा। जिससे दूरी घटने के साथ समय भी कम लगेगा।