महिलाओं ने बचाया मेजबानों का मान
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : 26वीं वाहिनी पीएसी में चल रही 41वीं उप्र पुलिस जूडो, कुश्ती व जिम्नास्टिक
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : 26वीं वाहिनी पीएसी में चल रही 41वीं उप्र पुलिस जूडो, कुश्ती व जिम्नास्टिक प्रतियोगिता के अंतर्गत महिलाओं ने मेजबानों का मान बचाया। दो दिन में गोरखपुर ने महज चार पदक जीते हैं। यह पदक महिलाओं ने जीते हैं, पुरुष खिलाड़ियों के हाथ अभी तक खाली हैं।
दूसरे दिन बरेली जोन हावी रहा। बरेली की खाकी ने तीन स्वर्ण झटके। वहीं मेजबान टीम का सम्मान महिलाओं ने बचाया। गोरखपुर को दूसरे दिन महिला खिलाड़ियों की बदौलत महज दो कांसे मिले।
दूसरे दिन सुबह पुरुष व महिला दोनों वर्गो में फ्री स्टाइल व कुश्ती की ग्रीको रोमन स्पर्धा के मुकाबले हुए। महिला वर्ग के 48 किग्रा. भारवर्ग का स्वर्ण जीता आशा सिंह ने। आगरा की आशा सिंह ने वाराणसी की अनुपमा भारती को पटखनी दी। गोरखपुर की अनुप्रिया त्रिपाठी व मेरठ की मंजू के खाते में कांस्य पदक आए। 53 किग्रा. का स्वर्ण पदक झटका बरेली की रीनू बालियान ने। रीनू ने मेरठ की प्रियंका को मात देकर गोरखपुर की अनीता तिवारी को तीसरे पायदान पर जाने को विवश कर दिया।
वहीं पुरुष वर्ग के फ्री स्टाइल मुकाबले में 97 किग्रा. भारवर्ग की कुश्ती हुई। जिसमें वाराणसी के तेरसू यादव ने बाजी मारी। पीएसी पश्चिमी जोन के संजय यादव दूसरे तथा इलाहाबाद के तौफीक अहमद व पीएसी मध्य जोन के महेंद्र सिंह यादव संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
ग्रीको रोमन के 66 किग्रा. भारवर्ग में पीएसी पूर्वी जोन के रामनिवास यादव अव्वल रहे। बरेली जोन के श्रवण मान को दूसरा तथा पीएसी पश्चिमी जोन के संदीप कुमार व पीएसी मध्य जोन के राम सिंह को तीसरा स्थान मिला।
85 किग्रा. भारवर्ग में बरेली जोन के विजेता बने जितेंद्र राणा। पीएसी पूर्वी जोन के विजय मल यादव को उपविजेता पदक से संतोष करना पड़ा। वाराणसी जोन के जयप्रकाश व पीएसी पश्चिमी जोन के तनुज सहरावत को तीसरा स्थान मिला। 130 किग्रा. भारवर्ग में बरेली जोन के खाते में विजेता ट्रॉफी आई। शमशेर अव्वल रहे। पीएसी मध्य जोन के दिनेश कुमार तथा पीएसी पूर्वी जोन के हेमंत कुमार व पश्चिमी जोन के सचिन कुमार संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
शाम को हुई महिला वर्ग की जूडो प्रतियोगिता में गोरखपुर को स्वर्ण मिला। 63 किग्रा. में शीला यादव ने बरेली की शेफाली को हरा स्वर्ण जीता। शेफाली के हाथ रजत लगा।
जिम्नास्टिक मुकाबले में होरिजेंटल वार स्पर्धा पीएसी पूर्वी जोन के विक्रांत सिंह ने बाजी मारी। पीएसी पश्चिमी जोन के अमोल द्वितीय व पूर्वी जोन के ही धर्मेद्र सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
वाल्टिंग टेबल स्पर्धा में पीएसी पूर्वी जोन के खाते में स्वर्ण व रजत पदक आया। विक्रांत सिंह ने स्वर्ण व राजीव सिंह ने रजत पदक जीता। पश्चिमी जोन के मुनीश राणा को कांस्य मिला।
रोमन ¨रग स्पर्धा में पीएसी पश्चिमी जोन के मनोहर सिंह पहले स्थान पर रहे। पूर्वी जोन के रमेश पांडेय दूसरे तथा मध्य जोन के बृजेश यादव तीसरे स्थान पर रहे।
पामेल हार्स स्पर्धा में पुरुष वर्ग का परिणाम भी आया। पीएसी पश्चिमी जोन के मनोहर सिंह अव्वल रहे। मध्य जोन के दुर्गेश राणा दूसरे तथा पूर्वी जोन के अंबरीश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।