जिला अस्पताल के वार्डो में बढ़ेगी पंखों की संख्या
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : भीषण गर्मी में मरीजों को होने वाली परेशानी को देखते हुए जिला अस्पताल प्
जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
भीषण गर्मी में मरीजों को होने वाली परेशानी को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन वार्डो में पंखों की तादाद बढ़ाने जा रहा है। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने अस्पताल के अधिकारियों व इंजीनियर के साथ अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद यह निर्णय लिया।
निरीक्षण के बाद इमरजेंसी व हड्डी रोग से जुड़े वार्डो व गैलरी में कुल मिलाकर करीब पैंतीस पंखे, दस वाल फैन व एग्झास्ट लगाने की बात तय हुई। बाद में अस्पताल के इंजीनियर को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने को कहा। यह निरीक्षण वार्डो में बेडों की तुलना में पंखों की संख्या कम मिलने पर किया गया। खासतौर पर इमरजेंसी तथा हड्डी रोग के वार्डो में भारी संख्या में ऐसे बेड हैं जिनके ऊपर पंखे नहीं हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जब अस्पताल बना व पंखे लगे तो बेडों की संख्या कम थी। मरीजों की संख्या के साथ बेड तो बढ़ते गए पर पंखों की संख्या वही रही। नतीजा कई बेड ऐसे हो गए जिनके ऊपर पंखे नहीं है।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. एचआर यादव के अनुसार उन्होंने इमरजेंसी, बर्न व हड्डी के वार्डो का निरीक्षण किया। इसके बाद वार्डो में अतिरिक्त पंखों के साथ एग्झास्ट व वाल फैन लगाने का निर्णय लिया गया।
ढकी जाएंगी गैलरी की खुली जालियां
पंखे लगाने के साथ जिला अस्पताल के इमरजेंसी व हड्डी वार्डो से जुड़ी गैलरी में लगी जालियां भी ढकी जाएंगी। निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई की गर्मी से इनसे लू व धूल आती है वहीं जाड़े में ठंडी हवाएं। इसी को देखते हुए फाइबर की दरवाजे लगाने का फैसला किया गया।