परिवहन विभाग में पसरा सन्नाटा
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : भूकंप ने परिवहन विभाग और निगम को भी हिलाकर रख दिया। बस स्टेशनों में जह
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : भूकंप ने परिवहन विभाग और निगम को भी हिलाकर रख दिया। बस स्टेशनों में जहां यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मची रही वहीं बसें जहां थीं वहीं खड़ी हो गई। यात्री बसों से उतरकर बाहर मैदान में खड़े हो गए। कुछ देर के लिए बसों में सन्नाटा पसर गया। एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई तो बसों का संचलन दुरुस्त हुआ।
परिवहन विभाग में तो कर्मचारी अपना टेबल छोड़ भाग खड़े हुए। अंग्रेजों के जमाने में बनी आरटीओ विभाग के दफ्तर की दीवार दरक गई। स्थित सामान्य होने के बाद भी कर्मचारी डर के मारे दफ्तार के अंदर नहीं जा रहे थे। लाइसेंस बनवाने आए अभ्यर्थी और टैक्स जमा करने आए वाहन स्वामी परिसर में ही इधर-उधर भटकते रहे। उनकी समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करें। अधिकतर चले गए, कुछ विभाग में ही जमे रहे। शाम 5 बजे कार्यालय में ताला लग गया और सभी अपने घर चलेगा। वहीं दूसरी तरफ परिवहन निगम की बसें जहां थीं वहीं कुछ देर के लिए खड़ी हो गई। यात्री सड़क पर उतरकर भूकंप समाप्त होने का इंतजार कर रहे थे। अधिकतर यात्रियों को उल्टी आने लगी। सिर चकराने के चलते स्थिति सामान्य होने के बाद भी अधिकतर यात्री बस में चढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। बूढे़, बच्चे और महिलाओं की स्थिति बेहद खराब रही। चालक और परिचालक भी सहम गए। उनकी समझ में नहीं आ रहा था कि वे बस आगे बढ़ाएं या रोक दें।