कैरल गीतों से गूंजा सेंट जोसफ स्कूल
जागरण संवादाता, गोरखपुर : सेंट जोसफ स्कूल गोरखनाथ में शनिवार को कैथलिक डायसिस गोरखपुर का अंतर विद
जागरण संवादाता, गोरखपुर : सेंट जोसफ स्कूल गोरखनाथ में शनिवार को कैथलिक डायसिस गोरखपुर का अंतर विद्यालयी कैरल गीत प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतिभागियों ने अनेक कैरल गीतों की प्रस्तुति की। माहौल भक्ति से ओतप्रोत हो गया था।
प्रतियोगिता में गोरखपुर व बस्ती मंडल के 17 स्कूलों ने भाग लिया । जूनियर हिन्दी कैरल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लिटिल फ्लावर स्कूल चरगावा, द्वितीय स्थान लिटिल फ्लावर गीडा व तृतीय स्थान पर कार्मल स्कूल गोरखपुर को मिला। सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान सेंट टेरेसा पडरौना, द्वितीय स्थान सेंट जोसफ खोराबार व तृतीय स्थान सेंट जोसफ बड़हलगंज को मिला। मुख्य अतिथि एसपी क्राइम मनिक चंद्रा थे। अध्यक्षता बिशप थामस थुरुथिमट्टम ने की। अंत में सेंट जोसफ गोरखनाथ के प्रधानाचार्य जोसफ कोटुकापल्ली ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में फादर लोना, फादर सिबिचन, फादर बैजू, फादर जोजो व सिस्टर नोरीन का सक्रिय सहयोग रहा। इसी क्रम में सेंट जोसफ खोराबार में क्रिसमस ट्री व कैरल गीत का आयोजन किया गया। सभी ने पाकिस्तान में दहशतगर्दो द्वारा नृशंसतापूर्वक मारे के बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रभु जन्म से संबंधित नाटिका प्रस्तुत की गई। प्रधानाचार्य सिबी जोसफ ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया। क्राइस्ट चर्च में भी क्रिसमस ट्री का आयोजन किया गया। बच्चों ने नाटिका के माध्यम से प्रभु जन्मोत्सव पर प्रकाश डाला। पुरोहित डीआर लाल ने आशीष दिया। इसके अलावा स्टेपिंग स्टोन स्कूल सहित विभिन्न स्कूलों में क्रिसमस के मौके पर विभिन्न आयोजन किए गए। सेंटाक्लाज ने बच्चों को उपहार दिए।
आमद का अंतिम रविवार आज
क्रिसमस 25 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके पहले पड़ने वाला रविवार आमद का अंतिम रविवार कहा जाता है। मसीही विश्वासी इस दिन प्रभु यीशु की विशेष प्रार्थना करेंगे। गिरजाघरों में क्रिसमस ट्री कैंडल लाइट सर्विस का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी मसीही सेवक वीपी अलेक्जेंडर ने दी।