पंचायत चुनाव को चुनौती के रूप में लें
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : सोमवार को पंचायत चुनाव की तैयारियों के बाबत भाजपा गोरखपुर क्षेत्र की ब
जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
सोमवार को पंचायत चुनाव की तैयारियों के बाबत भाजपा गोरखपुर क्षेत्र की बैठक बेनीगंज कार्यालय पर हुई। बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष डा.लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि पार्टी का पूरा जोर सदस्यता अभियान और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पर है। पार्टी के लोग इसे चुनौती के रूप में लें।
उन्होंने कहा कि 2015 पार्टी के विस्तार का वर्ष है। सबसे बड़ा प्रदेश होने के नाते सदस्यता अभियान में हमारी जिम्मेदारी सर्वाधिक है। अब तक की प्रगति संतोषजनक है। रोज करीब 80 हजार लोग सदस्य बन रहे हैं। 10 दिसंबर तक इसे 1 लाख 10 हजार करना है। बूथ पर 250 सदस्य तैयार करने का लक्ष्य है। आन लाइन सदस्यता की समीक्षा के बाद जहां मोबाइल नेटवर्क नहीं है वहां शिविर लगाकर सदस्य सदस्य बनाया जाएगा। पंचायत चुनाव में परचम लहराने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में हम 400 से अधिक सीटें जीत सकेंगे।
प्रदेश उपाध्यक्ष शिवप्रताप शुक्ल ने कहा कि नेतृत्व की मंशा के अनुसार पंचायत चुनाव में सबकी मदद से भाजपा की शानदार जीत का प्रयास होगा।
पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक लल्लन त्रिपाठी ने लोगों से चुनाव की रणनीति के बारे में सुझाव मांगे। अधिकांश का मत था कि पार्टी सिंबल पर ही चुनाव लड़ा जाय। मतदाताओं से सीधे संपर्क हो उनके सुझाव के अनुसार परिसीमन पर अपनी आपत्ति दर्ज कराएं।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल ने लोकसभा जैसे नतीजों का यकीन दिलाया। प्रदेश महामंत्री डा.समीर सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिव कुमार पाठक, पंचायत चुनाव के क्षेत्रीय प्रभारी कामेश्वर सिंह ने भी बैठक को संबोधित किया। संचालन पंचायत राज प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्र ने किया।
बैठक में रामजियावन मौर्य, दुर्गा राय, त्रयंबकनाथ त्रिपाठी, जनार्दन गुप्ता, विनोद राय व चिरंजीव चौरसिया, मारकंडेय शाही, डा. सत्येंद्र सिन्हा, काली प्रसाद, गोरख सिंह, विपिन सिंह आदि मौजूद थे।