यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस की ट्राली टूटी
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : यशवंतपुर से गोरखपुर आ रही 12592 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस के एस वन बोगी
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : यशवंतपुर से गोरखपुर आ रही 12592 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस के एस वन बोगी के चक्के की ट्राली टूट गई। जानकारी होने पर रेल प्रशासन ने लखनऊ मंडल के करनैलगंज स्टेशन पर ट्रेन रोक बोगी काटकर अलग किया। ट्रेन वहां साढे़ तीन घंटे खड़ी रही। लगभग 6 घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। यात्री परेशान रहे। संयोग अच्छा रहा कि यात्रियों ने टूटी हुई ट्राली देख लिया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दिन में 1 बजे के आसपास ट्रेन करनैलगंज स्टेशन पर क्रासिंग के लिए रुकी। अधिकतर यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए। कुछ यात्रियों की नजर पीछे से शयनयान श्रेणी के पहली बोगी एस वन के नीचे चक्के की टूटी हुई ट्राली पर गई। उन्होंने स्टेशन पर तैनात रेलकर्मियों को इसकी जानकारी दी। स्टेशन प्रबंधन ने कंट्रोल को सूचित किया। यात्री परेशान थे कि अब आगे कैसे जाएंगे। अधिकतर यात्रियों को छठ पर्व में शामिल होना था। इसी बीच गोंडा से सहायक यांत्रिक इंजीनियर और सेक्शन इंजीनियर की टीम मौके पर पहुंच गई। इंजीनियरों ने बताया कि ट्रेन आगे नहीं चल पाएगी। इसके बाद मौके पर ही बोगी को रेक से अलग करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। लगभग 6 बजे के आसपास रेक दुरुस्त हुआ तो ट्रेन आगे बढ़ी। एस वन के यात्रियों ने दूसरी बोगियों में शरण ली। विभागीय सूत्रों का कहना है कि ट्राली पहले से ही टूटी हुई आ रही थी। ट्राली पर ही चक्के टिके होते हैं। संयोग अच्छा रहा कि करनैलगंज में लोगों की नजर पड़ गई, नहीं तो आगे वह पटरियों पर टूटकर बिखर जाती। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने भी इसे गंभीर माना है। उन्होंने बताया कि रेकों के निरीक्षण के दौरान रेलकर्मी ने टूटी ट्राली को देखा था। गुरुवार को ट्राली को वेल्डिंग करने के लिए यांत्रिक कारखाना लाया जाएगा। यहां जांच की जाएगी कि आखिर ट्राली किस वजह से टूटी है। उसे लखनऊ स्थित अनुसंधान केंद्र भी भेजा जाएगा।