यहां हवा में है सफाई अभियान
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत के संकल्प का असर शहर के वार्डो में देखने को नह
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत के संकल्प का असर शहर के वार्डो में देखने को नहीं मिल रहा है। इसका खामियाजा वार्ड के नागरिकों को उठाना पड़ रहा है। कुछ ऐसी ही स्थिति रुस्तमपुर वार्ड संख्या 40 की है। रुस्तमपुर चौक से आजाद चौक जाने वाली सड़क की स्थिति बद से बदतर है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सफाई का कोई नामो-निशान नहीं है। बाजार में सड़क से सटे खाली प्लाट में गंदगी का अंबार है। देखने से लगता है कि यहां सालों से सफाई नहीं हुई है। इसी गंदगी के बगल में नगर निगम द्वारा लगाए गए नल से सैकड़ों लीटर पानी की बर्बादी हो रही है। कुछ ऐसा ही हाल आजाद चौक का भी है। चौक पर लगा शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का स्थल टूट चुका है। यहां लगी रेलिंग उखड़ गई है। आजाद चौक से नहर रोड जाने वाली सड़क पर जगह-जगह गंदगी की भरमार है। और रहे भी क्यों न नगर निगम ने यहां पर कहीं कूड़ापात्र नहीं है। कुछ ऐसा ही हाल बुद्ध नगर कालोनी का भी है। नाली तो जाम हैं ही कूड़े से आ रही बदबू से लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया। सिद्धार्थनगर कालोनी की स्थिति भी खराब है। गंदगी से बजबजाती नालियों की वर्षो से सफाई नहीं हुई है। प्लास्टिक से अटी-पड़ी नालियां जाम हैं। सड़कों पर सफाई का बुरा हाल है।