यात्रियों को अभियान चला जागरूक करेगी रेलवे
जागरण संवाददता, गोरखपुर : केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश पर इस वर्ष भी पूर्वोत्तर रेलवे में 27 अक्
जागरण संवाददता, गोरखपुर : केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश पर इस वर्ष भी पूर्वोत्तर रेलवे में 27 अक्टूबर से सतर्कता जागरुकता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। मुख्यालय के अलावा तीनों मंडल के सभी विभागों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सतर्कता संगठन ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पहली नवंबर तक चलने वाले सतर्कता जागरुकता सप्ताह में रेलकर्मियों को ही नहीं आम यात्रियों को भी जागरूक किया जाएगा। विभागों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें सामान्य ज्ञान, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिता अधिकारी और कर्मचारी स्तर पर होगी। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। इसमें सभी विभागों के प्रमुख और सहायक भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के लिए रेलवे बोर्ड ने तिथि निर्धारित कर दी है। 27 अक्टूबर को पहले दिन प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 28 को रेलवे स्टेशन पर कैंप लगाया जाएगा। इस दौरान यात्रियों को सतर्कता के बारे में जानकारी दी जाएगी। उनसे सुझाव भी मांगे जाएंगे। रेलवे में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना तथा यात्रियों को जागरूक करना ही सप्ताह का मुख्य उद्देश्य है। सीपीआरओ आलोक कुमार सिंह के अनुसार यात्री रेल में भ्रष्टाचार के किसी भी मामले को रेलवे के संज्ञान में लाकर व्यवस्था में सुधार की प्रक्रिया में सहभागी बन सकते हैं। भ्रष्टाचार से संबंधित कोई भी साक्ष्य विडियो, फोटोग्राफ, रिकार्ड वायस या अधिकृत दस्तावेज सतर्कता संगठन को सीधे भेजकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने में अपना सहयोग दे सकते हैं। यही नहीं सतर्कता मोबाइल नंबर 0551-155210 के माध्यम से रेल संबंधी भ्रष्टाचार की सूचना दे सकते हैं।