नेहा, आस्था,सुनील और आरिफ बने सिविल जज
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रादेशिक न्यायिक सेवा 201
जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रादेशिक न्यायिक सेवा 2013 के परिणाम में गोरखपुर व आसपास के युवाओं ने दमदारी से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। सिविल जज जूनियर डिविजन पद पर क्षेत्र के आधा दर्जन से ज्यादा युवाओं का चयन हुआ है। कड़ी मेहनत और लगन के बल पर पुर्दिलपुर की रहने वाली सुशील रुंगटा और अनीता रुंगटा की बेटी नेहा रूंगटा ने प्रदेश में 6वीं रैंक हासिल की है। इसके अलावा महानगर से आस्था श्रीवास्तव, सुनील कुमार त्रिपाठी और आरिफ अहमद भी अब सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बन गए हैं। इस वर्ष भी आए शानदार परिणाम से न्यायिक सेवा में पहले से ही शानदार रिकार्ड वाले गोरखपुर विश्वविद्यालय का दबदबा और बढ़ गया है।
महिलाओं में प्रदेश में दूसरा स्थान पाने वाली नेहा रुंगटा ने वर्ष 2013 में ही एलएलबी की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसी तरह महराजगंज जिले के बृजमनगंज क्षेत्र के रहने वाले आरिफ अहमद अंसारी पुत्र मुमताज अंसारी का भी चयन सिविल जज पद पर हुआ हे। आरिफ ने वर्ष 2006 में गोरखपुर विश्वविद्यालय से एलएलबी उपाधि प्राप्त की है।
आस्था की मेहनत रंग लाई :
गोरखपुर विश्वविद्यालय से वर्ष 2010 में विधि स्नातक बनने वाली मेधावी छात्रा गायत्रीपुरम बशारतपुर की रहने वाली आस्था श्रीवास्तव ने वर्ष 2013 की यूपीपीसीएस जे परीक्षा में अपना चयन करा लिया है। आस्था के पिता सुभाष चंद्र और माता गीता श्रीवास्तव सहित सभी परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। जोधपुर विश्वविद्यालय से एलएलएम उपाधि धारक आस्था ने अपनी मेधा के बल पर स्नातक, एलएलबी और एलएलएम में स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं। इसी तरह ग्राम नरायनपुर बुजुर्ग केशवपार गोरखपुर के आजाद एवं विद्यावती त्रिपाठी के पुत्र सुनील भी अब जज बन गए हैं। सुनील त्रिपाठी भी गोरखपुर विश्वविद्यालय से विधि स्नातक हैं।