महिला की मौत के मामले में पिता व ठेले वाले ने दी तहरीर
जागरण संवाददाता, गोरखपुर शाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर चौराहे पर ठेले वाले से विवाद के दौरान ग
जागरण संवाददाता, गोरखपुर
शाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर चौराहे पर ठेले वाले से विवाद के दौरान गोली चलने से हुई महिला की मौत के मामले में दो तहरीर मिलने से पुलिस उलझन में पड़ गई है। मृतका के पिता ने तहरीर देकर उसके पति के ही रिवाल्वर से भीड़ में शामिल किसी व्यक्ति पर गोली चलाने का तो फल विक्रेता ने मृतका के पति पर अपनी रिवाल्वर से फायर करने का आरोप लगाया है। फिलहाल किसी भी तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया है।
शाहपुर के इंद्रप्रस्थ कालोनी निवासी पीडब्ल्यूडी अभियंता शशांक भूषण उर्फ शशिभूषण सिंह ने धर्मपुर चौराहे पर ठेले से अनार खरीदा था। घर ले जाने पर करीब एक पाव अनार खराब निकला। रविवार की शाम को वह पत्नी प्रियंका सिंह (32) के साथ बाजार करने निकले तो खराब अनार वापस करने के लिए साथ लेकर चले। धर्मपुर चौराहे पर पहुंचकर उन्होंने फल विक्रेता से खराब अनार वापस करने को कहा। इसी बात पर उनका ठेले वाले से विवाद हो गया। हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान अभियंता की लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को जा लगी। जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतका के पिता सूर्यभान सिंह ने इस मामले में शाहपुर थाने में सोमवार को तहरीर दिया। इसके मुताबिक विवाद के दौरान अभियंता ने आत्मरक्षार्थ लाइसेंसी रिवाल्वर निकाला था। इसी दौरान किसी ने उनके हाथ से रिवाल्वर छीनकर उन पर गोली चला दी। संयोग से बीच में प्रियंका आ गई। जिससे गोली उसे जा लगी और उसकी मौत हो गई। उधर फल विक्रेता ने तहरीर देकर अभियंता पर हत्या की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार अभियंता ने उसको लक्ष्य कर गोली चलाई थी लेकिन बीच में उनकी पत्नी आ गई। जिससे गोली उनको जा लगी।