नए कलेवर में आया रेलवे का टाइम टेबल
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने सोमवार को ही ट्रेनों की नई टाइमिंग के साथ ही अपना टाइम टेबल भी जारी कर दिया है। इस बार यह नए कलेवर में आया है। प्रथम पृष्ठ पर ही रेलवे स्टेशन गोरखपुर का विंगहम दृश्य है। बड़ी बात यह है कि तीनों मंडल की ऐतिहासिक धरोहरों को उसमे समेटा गया है।
रेलवे सिस्टम की तरह टाइम टेबल भी पुराने ढर्रे पर चला आ रहा था। वही सादा कलेवर और सादा पन्ना। न कोई उमंग न ताजगी। देखकर कहीं से नहीं लगता था कि यह पूर्वोत्तर रेलवे का महत्वपूर्ण टाइम टेबल है। जो 24 घंटे हर रनिंग स्टाफ के हाथ में रहता है। रेल प्रशासन ने अब उसे भी रंगीन कर दिया है। प्रथम पृष्ठ पर विश्व के सबसे लंबे प्लेटफार्म के अलावा गुरु गोरक्षनाथ मंदिर भी है। दोनों गोरखपुर की महिला का बखान कर रहे हैं। इसके अलावा लखनऊ मंडल, वाराणसी मंडल और इज्जतनगर मंडल के महत्वपूर्ण स्थलों को भी समेटा गया है। बता दें कि प्रत्येक वर्ष 1 सितंबर से रेलवे प्रशासन समय सारिणी पुस्तिका जारी करता है। उसमें सभी ट्रेनों के समय और स्टेशन का उल्लेख रहता है। इसी दिन से ही ट्रेनों की समय सारिणी भी बदलती है।