यह भी है शहर की एक कालोनी
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : वार्ड 69 मुहुई सुघरपुर वार्ड की शक्ति नगर कालोनी भी शहर की एक चमचमाती कालोनी है। आलीशान मकान तो हैं पर घरों तक पहुंचने के लिए जो सड़क है उसपर छह से आठ इंच पानी जमा है। घर से निकले तो पैर पानी में, घर में पहुंचे तो बाहर से संक्रामक लोगों के जीवाणु कीटाणु लेकर। इस स्थिति के चलते यहां के निवासी दहशत में जी रहे हैं। स्थिति यह है कि यहां कभी भी संक्रामक रोग फैल सकता है।
आइए जानते हैं यहां के लोगों का दर्द। यहां के लोग दो साल से नाली के पानी के बीच से होकर अपने घरों को जाते हैं। कालोनीवासियों का कहना है कि उनको दिन-रात यह डर लगा रहता है कि कहीं बारिश न हो जाए। बारिश हुई नहीं की पानी घरों में घुस जाता है।
शक्तिनगर कालोनी के लगभग 100 मकानों में रहने वाले 500 से अधिक लोग परेशान हैं। गंदगी के कारण महिलाएं और बच्चे घर से बाहर नहीं निकल पाते। यहां की सड़क दो साल से बनवाई जा रही है। अभी नाली का निर्माण होना है।
एक साल से घर में घुसा है पानी
आरसी वर्मा कहते हैं कि उनके घर में एक साल से नाली का गंदा पानी घुसा हुआ है। नाली के पानी के कारण उनके परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब हो चुकी है। गंदगी से बचाव के लिए उन्हें अपने घर के चारों तरफ क्लोरीन की टैबलेट का उपयोग करना पड़ रहा है।
नाली और सड़क की जांच करवाई जाए
हरि नारायण त्रिपाठी कहते हैं कि लगभग 70 लाख की लागत से सड़क और नाली का निर्माण करवाया जा रहा है। यदि नाली का पानी बड़े नाले में नहीं जा पाता है तो पूरे निर्माण की जांच करवाई जानी चाहिए।
बनी नाली से भी नहीं हो रही निकासी
सुभाष चंद पांडेय बताते हैं कि उनके घर के सामने बनाई गई नाली से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। नाली ढाल में बना दिए जाने के कारण उनके घर के सामने भी पानी लग रहा है। कुछ दिन पहले निर्माण करवाई गई नाली में अभी से पानी नहीं निकल रहा है तो आगे क्या होगा।
पंपिंग सेट से नहीं निकाला जाता है पानी
स्नेह लता मिश्रा कहती हैं कि पानी की निकासी के लिए पंपिंग सेट लगाया गया है। पंपिंग सेट को कभी चलाया नहीं जाता। यदि पंपिंग सेट को चलाकर पानी की निकासी की जाती है तो उनके घरों में नाली का गंदी पानी नहीं जाता।
पार्षद मनोरमा देवी कहती हैं सड़क बनाने के लिए 20 लाख का टेंडर हो चुका है। वहीं कॉलोनी का बड़ा नाला 35 लाख की लागत से बनवाया जा रहा है। लगभग एक सप्ताह में ही लोगों को नाली के पानी से निजात मिल जाएगी। बड़े नाले का आरसीसी ढलाई करवाई जा रही है। नाले का निर्माण होते ही कालोनी की सड़क बनवाई जाएगी।