रहस्यमय परिस्थितियों में जलने से विवाहिता की मौत
जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
बांसगांव थाना क्षेत्र के लोनाव, माल्हनपार निवासी अरुण कुमार राय की पत्नी नीलम राय (25) की रविवार को रहस्यमय परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। ससुराल के लोगों की माने तो करंट लगने से उसकी मौत हुई है लेकिन मायके लोगों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उसे जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। उसकी मौत से आक्रोशित मायके वालों ने उसके पति के साथ जिला अस्पताल में हाथापाई भी की। मृतका के पिता महेंद्र राय की तहरीर पर इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
बुरी तरह से झुलसी स्थिति में नीलम को रविवार को सुबह जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। उसके साथ अस्पताल आए पति के मुताबिक सुबह मोटर चलाने के लिए स्विच आन करने के दौरान करेंट लगने से वह बुरी तरह से झुलस गई थीं। इसकी सूचना मायके वालों को देने के बाद उनको जिला अस्पताल लाया गया।
उधर तरवा श्रीरामपुर, उरुवा निवासी मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसका उत्पीड़न किया जा रहा था। रविवार को सुबह भी उसके साथ मारपीट की जा रही थी। सुबह फोन कर इस बारे में उसके बताने पर मायके से कुछ लोग उसकी ससुराल पहुंचे तो वह झुलसी हुई हालत में मिली। उसके शरीर से मिट्टी तेल की गंध आ रही थी। इससे स्पष्ट था कि मिट्टी तेल डालकर उसको जलाया गया है। यहां बता दें कि नीलम राय और अरुण की शादी चार साल पहले हुई थी। उनका ढाई साल का एक बेटा भी है।