बेस की उच्च स्तर की आपरेशनल तैयारी प्रशंसा योग्य : एयर मार्शल
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : एयर मार्शल कुलवंत सिंह गिल (अति विशिष्ट सेवा पदक, युद्ध सेवा पदक, वायु सेना पदक) वायु अफसर कमांडिंग-इन-चीफ मध्य वायु कमान भारतीय वायु सेना के वायु सेना स्टेशन पहुंचने पर उनको स्क्वाड्रन लीडर मनोज कुमार के नेतृत्व में सम्मान गारद प्रस्तुत किया गया। इसके बाद एयर मार्शल ने 'शहीद स्मारक' पर पुष्प चक्र चढ़ाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
दो दिवसीय दौरे पर आए एयर मार्शल गिल ने स्टेशन के विभिन्न प्रतिष्ठानों को देखा। तत्पश्चात वायु योद्धाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने बेस की उच्च स्तर की आपरेशनल तैयारी की प्रशंसा की। स्टेशन के प्रत्येक कार्मिकों की भागीदारी व उच्च स्तर का अनुशासन कायम रखते हुए सदैव सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया। इससे पूर्व एयर मार्शल केएस गिल व उनकी पत्नी के गोरखपुर आगमन पर एयर कमोडोर अनुराग जोशी व उनकी पत्नी प्रभा जोशी द्वारा स्वागत किया गया।
............
अंर्टाकटिका अभियान के सदस्य रहे हैं एयर मार्शल
एयर मार्शल कुलवंत सिंह गिल को भारतीय वायु सेना में दिसंबर 1977 में उड़ान दस्ता में कमीशन मिला। एयर मार्शल अपने 36 वर्ष के कार्यकाल में इंस्ट्रक्शनल, डाइरेक्शनल एवं कमांड के पदों पर रहे। गिल सातवां व आठवां अंर्टाकटिका अभियान के भी सदस्य रह चुके हैं। इस अभियान के दौरान साहसिक कार्य हेतु 1990 में वायु सेना पदक (गैलेंट्री) से सम्मानित किया गया।