निरीक्षण में मिली खामियां, जताई नाराजगी
जागरण संवाददाता, जंगल धूसड़, गोरखपुर : पिपराइच क्षेत्र के तीन परिषदीय विद्यालयों का खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने शनिवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खामियां मिली जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसमें सुधार लाने का निर्देश दिया।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिसवां उर्फ चनकापुर में 50 में से सिर्फ 4 छात्र उपस्थित मिले। छात्र उपस्थिति पंजिका में दाखिला संख्या न होने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापिका दीपमाला सिंह को इसे सुधारने का निर्देश दिया। जुलाई में अब तक किसी भी दिन मध्याह्न भोजन नहीं बनने पर महिला सामाख्या की जिला समन्वयक शारदा देवी को फोन पर तत्काल व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेलवा खुर्द में मेन्यू के नाम पर 17 में से उपस्थित मात्र दो बच्चों के लिए हलवा बनाने पर प्रधानाध्यापिका मंजू चौधरी पर नाराजगी व्यक्त की। वहीं प्राथमिक विद्यालय बेलवा खुर्द में अध्यापक उपस्थिति पंजिका में पैन कार्ड हस्ताक्षर नहीं मिला। किचन शेड का फर्श टूटा मिला। टाइल्स भी नहीं लगा था। इस पर प्रधानाध्यापिका आशा राय को तत्काल ग्राम प्रधान शिवलाल को किचन शेड मरम्मत के लिए सूचित करने को कहा। उन्होंने मेन्यू और गुणवत्ता को ध्यान में रखकर मध्याह्न भोजन बनवाने का निर्देश दिया।