मातृ भूमि के लिए रखें आदर भाव
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : साहित्य अकादमी के अध्यक्ष प्रो. विश्वनाथ प्रसाद तिवारी ने कहा कि भारत वह पुण्यभूमि है जहा आत्मा को मोक्ष प्राप्ति के पूर्व एक बार जन्म लेना पड़ता है। इस कारण हमें अपने मातृ भूमि के प्रति प्रेम व आदर का भाव रखते हुए हमेशा इसकी सुरक्षा व सम्पन्नता के लिए प्रयत्नशील रहना चाहिए। प्रो. तिवारी सोमवार को सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 'संदेश' का विमोचन व छात्र संसद शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि 'संदेश' के माध्यम से विद्यालय से जुडे़ गतिविधियों को संग्रह करने का जो अभिनव प्रयोग किया गया है, वह अपने आप में अद्वितीय है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में राममनोहर लोहिया अवध विवि फैजाबाद के पूर्व कुलपति प्रो. राम अचल सिंह ने कहा कि समाचार संग्रह 'संदेश' एक अभिनव प्रयोग है, जो आने वाले समय में लोगों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। आचार्य श्री जे.पी.कुशवाहा ने छात्र संसद गठन के प्रक्रिया व महत्व को बताया। संदेश के संग्रहकर्ता त्रिपुरारी शरण पाण्डेय ने कहा कि समाचार संग्रह संदेश वह दस्तावेज है जो भविष्य में लोगों को विद्यालय से जुड़े गतिविधियों को जानने का साक्ष्य सहित सशक्त माध्यम बनेगा।
विद्यालय प्रबंध समिति के मंत्री डा. संजीत गुप्त द्वारा मुख्य अतिथि प्रो.विश्वनाथ तिवारी को स्मृति-चिन्ह, शाल व श्रीफल देकर विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया।
प्राचार्य श्री राजबिहारी विश्वकर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन व्यास कुमार श्रीवास्तव व आभार ज्ञापन रमेश सिंह ने किया। इस अवसर पर सुभाष राय, सभी आचार्य, कर्मचारी व छात्र उपस्थित रहें।