सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
गोंडा : बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में जली युवती की शुक्रवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौ
गोंडा : बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में जली युवती की शुक्रवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इससे आक्रोशित परिजनों ने रात करीब आठ बजे गोंडा-बलरामपुर मार्ग स्थित जयनरायन चौराहे पर शव को रख प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी देर तक रोड जाम रहा।
बहराइच जिले के जरवल थाना क्षेत्र के बाजदारी मोहल्ला निवासी चंदन गुप्त ने दी गई तहरीर में कहा कि उसकी बहन सोनी गुप्त (32) की शादी रानी बाजार निवासी जगदंबा प्रसाद के साथ की थी। शादी के बाद से उसका पति, देवर, सास व ननद दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे। उसकी बहन जब अपने घर पर आई तो बताया कि पति ने दो लाख रुपए मांगे हैं। बहन को समझा बुझाकर वह उसके घर छोड़ आया। आरोप लगाया कि 27 अक्टूबर की रात करीब एक बजे आरोपियों ने उसकी बहन के ऊपर केरोसिन डालकर जला दिया। समाज को दिखाने के लिए आरोपियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में लखनऊ में उसकी बहन सोनी की मौत हो गई। मुकदमा न दर्ज होने से आक्रोशित लोगों ने रात करीब आठ बजे गोंडा-बलरामपुर मार्ग के जयनरायन चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे दोनों तरफ जाम लग गया। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी मान सिंह गौर ने पहुंचकर परिजनों को आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। एक घंटे तक दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें रहीं। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।