वनमाफिया ने उजाड़ दी बाग की हरियाली
गोंडा: क्षेत्र में वन माफिया सक्रिय हैं। शीशम, सागौन के हरे कीमती पेड़ को काटने से नहीं हिचक रहे हैं।
गोंडा: क्षेत्र में वन माफिया सक्रिय हैं। शीशम, सागौन के हरे कीमती पेड़ को काटने से नहीं हिचक रहे हैं। विभाग भी आंख बंद करके बैठा है। बाग में लगे सैकड़ों शीशम व सागौन पेड़ काट डाले गये। वन विभाग जांच कराने की बात कर रहा है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के गूंगीदेई के कंदरा मजरे के पास एक शीशम व सागौन का बाग है। जिसमें सैकड़ों पेड़ शीशम व सागौन के लगे थे। वन माफियाओं की नजर इस बाग पर पड़ी। उन्होंने पेड़ों की कटान शुरू कर दी। देखते देखते बाग के पेड़ काट डाले गये। कीमती लकड़ियां होने के कारण जल्दी से उठान भी शुरू कर दिया गया। रात-दिन चले कार्य में मजदूरों ने डेरा डाल कर काम किया। गुरुवार को मौके पर मिले मजदूरों ने बताया कि ठेकेदार ने परमिट ले रखी है, लेकिन कितने पेड़ों की परमिट है और कितने काटे गए, वह यह नहीं बता सके। कीमती लकड़ियों की कटान होने से वन माफिया सक्रिय नजर आ रहे हैं। आखिर कितने पेड़ों की परमिट विभाग ने दी है, यह जानकारी विभाग के आला अधिकारी के पास भी नहीं है। बताया जाता है कि जहां कटान हो रही है वह स्थान कुआनो रेंज में आता है। प्रभागीय वनाधिकारी टी. रंगाराजू ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। कटान की जांच कराई जाएगी।