राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में तीसरा स्थान हासिल कर आशीष ने बढ़ाया मान
बलरामपुर : जिले के सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज के कक्षा दस के छात्र आशीष त्रिपाठी ने 43वीं राज्य स्तरीय
बलरामपुर : जिले के सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज के कक्षा दस के छात्र आशीष त्रिपाठी ने 43वीं राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर सभी का मान बढ़ाया है। इस प्रदर्शनी में आशीष ने नालों के गंदे पानी को नदी में गिरने से पहले ही शुद्ध कर उसके कचरे से खाद बनाने के तकनीकी को एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया था। इस बाल वैज्ञानिक की सोच को सभी ने सराहा और तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतिभागी छात्र आशीष त्रिपाठी ने बताया कि कल-कारखानों व नगर को कूड़ा कचड़ा युक्त गंदा पानी नदियों में गिराकर प्रदूषण फैलाया जा रहा है। इस गंदे पानी को शुद्ध करने के पश्चात नदी में गिराने और इस प्रक्रिया के दौरान निकलने वाले कचरे से खाद तैयार करने का मॉडल बनाया। कचरे से तैयार खाद का प्रयोग कृषि में कर किसान अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। प्रधानाचार्य केपी यादव ने इस सफलता पर छात्र को बधाई देते हुए कहा कि इस में शिक्षक मोहम्मद अनवर खान व आशीष मिश्र का भी विशेष योगदान रहा है। सभी बधाई के पात्र हैं। प्रदर्शनी जवाहर लाल नेहरू राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजयनगर गाजियाबाद में 18 से 21 नवंबर तक आयोजित की गई थी। इसका आयोजन राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद तथा उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वाधान में किया गया था। इसमें जिले के अन्य स्कूलों के भी बाल वैज्ञानिकों ने भाग लिया था।