518 मेधावियों को मुख्यमंत्री देंगे लैपटाप
गोंडा: चार फरवरी को आ रहे सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जिले के 518 मेधावियों को सम्मानित करने के
गोंडा: चार फरवरी को आ रहे सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जिले के 518 मेधावियों को सम्मानित करने के साथ ही लैपटाप का वितरण करेंगे। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां कर ली है। इधर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समग्र ग्राम घरकुइयां में तेजी से तैयारियां चल रही है। सड़क की मरम्मत, विद्यालय की रंगाई पुताई, शैक्षिक स्तर सुधारने के लिए अन्य विद्यालयों के अध्यापकों को भी लगाया गया है।जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दूबे ने बताया कि चार फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कर्नलगंज आ रहे हैं। पहले वर्ष 2012 में लैपटाप पाने से वंचित 498 छात्रों को लैपटाप देने की योजना बनाई गई थी। इस व्यवस्था को अब बदल दिया गया है। नये निर्देश के क्रम में वर्ष 2014 में अव्वल आने वाले हाईस्कूल के 255 व इंटरमीडिएट के 263 मेधावियों को चार फरवरी को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही उन्हें लैपटाप का वितरण किया जायेगा। डीआइओएस ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सारे प्रबंध कर लिये गये हैं। समग्र ग्राम घरकुइंया मे सभी विभाग के अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की देख रेख मे जुटे हैं। कहीं कोई कमी न रहने पाये इसकी जांच वह स्वयं कर रहे हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारी विद्यालय की रंगाई पुताई व प्रांगण की साफ-सफाई करवा रहे हैं। शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए यहां दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों को लगाकर तैयारी करवाई जा रही है। विकास विभाग के अधिकारी अधूरे कार्यों को पूरा करवाने मे जुटे हैं। कहीं शौचालय की मरम्मत हो रही है। तो कहीं दूसरे गांव के सफाई कर्मियों से सफाई कार्य करवाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सड़कों की मरम्मत करवाने मे जुटे हैं। फिर भी गांव की व्यवस्था मे कोई विशेष सुधार नहीं दिखाई दे रहा है। यहां लोहिया आवास में भी मानक की बड़े पैमाने पर अनदेखी की गयी है। चार से पांच कमरे के मकान में लोहिया आवास लिखवा दिया गया है। काफी पुराने मकानों की रंगाई पुताई करवा कर उसमें भी लोहिया आवास लिखवा दिया गया है। यहां 130 लोगों को लोहिया आवास का लाभ दिया गया है। गहनता से जांच करने पर पूरा मामला सामने आ सकता है। मार्ग के निर्माण मे भी यहां खेल किया गया है। करीब छह माह पूर्व बनवाई गई आरसीसी सड़क की गिट्टियां उजड़ कर मार्ग की शोभा बढ़ा रही हैं।