अपराध 2- सराफा व्यापारी से लूटे लाखों के जेवरात
गोंडा : शुक्रवार की शाम दुकान बंद कर घर जा रहे सराफा व्यापारी से दो बाइक सवार पांच बदमाशों ने रास्ते
गोंडा : शुक्रवार की शाम दुकान बंद कर घर जा रहे सराफा व्यापारी से दो बाइक सवार पांच बदमाशों ने रास्ते में रोककर लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने उसके पास रखा सवा किलो चांदी व 25 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर कौड़िया थाने पर पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना कौड़िया थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव के पास की है। शुक्लपुरवा छिरास गांव निवासी व्यापारी संगम लाल सोनी की कौड़िया बाजार में सर्राफा की दुकान है। शुक्रवार की शाम सात बजे के करीब वह दुकान बंद कर घर जा रहा था। रास्ते में चिलबिला गांव के पास दो बाइक सवार चार-पांच बदमाशों ने उसे रोक लिया। उसके पास रखा सवा किलो चांदी व 25 ग्राम सोना लूट लिया। वह बदमाशों के डर से शोर भी नहीं मचा सका। बदमाश उसे लूटने के बाद बाइक स्टार्ट कर फरार हो गए। वह काफी देरतक बदहवास खड़ा देखता रहा। इसके बाद कौड़िया थाने पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष इकरार अहमद ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।