जिले में अपराधी फिर बेकाबू
गोंडा : गुरुवार की शाम मधवापुर टिकरी ग्राम प्रधान के पति को चौपहिया वाहन से कुचलने का प्रयास किया जि
गोंडा : गुरुवार की शाम मधवापुर टिकरी ग्राम प्रधान के पति को चौपहिया वाहन से कुचलने का प्रयास किया जिसमें वह बाल-बाल बच गए। आसपास के लोगों व परिजनों ने दौड़ा कर चौपहिया वाहन चालक को पकड़ लिया। वाहन पर सवार दो अन्य लोग फायरिंग करते हुए भाग निकले। एक माह पहले पीड़ित के भतीजे की हत्या हो चुकी है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के मधवापुर टिकरी गांव निवासी प्रधान पति जगदीश सिंह शाम करीब छह बजे घर से सड़क पर आए थे। इसी बीच तेज रफ्तार में आ रही चौपहिया वाहन ने उन्हें कुचलने का प्रयास किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद चौपहिया वाहन सवार लोगों ने वाहन को खड़ा कर दिया। ब्रेक लगने से हुई आवाज पर परिजन व आसपास के लोग उधर दौड़ पड़े। वाहन में बैठे दो अन्य लोग फायर करते हुए भाग निकले। चालक को पकड़ लिया गया। एक माह पहले जगदीश सिंह के भतीजे ओम प्रकाश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीओ विजय आनंद ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।
परसपुर में बांके से वृद्ध की हत्या
संवादसूत्र परसपुर, (गोंडा) : गुरुवार की शाम थाने से महज पांच सौ मीटर दूरी पर दो लोगों ने अधेड़ की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी, लेकिन पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लग सकी। जिस समय वारदात हुई उस वक्त अधेड़ पशुओं के लिए चारा काट रहा था।
स्थानीय थाना क्षेत्र के रामचेरे पुरवा निवासी रामशंकर पांडेय (65) अपने घर के सामने चारा काट रहे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे दो लोग हाथ में धारदार हथियार लेकर पहुंच गए। जब तक रामशंकर व परिजन कुछ समझ पाते, उन लोगों ने रामशंकर के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। परिजन चारा मशीन की तरफ दौड़े। दोनों आरोपी भाग खड़े हुए। परिजन रामशंकर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना थाने से महज पांच सौ मीटर दूरी पर हुई। लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर हत्या हुई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।