पंडित और अफसरों पर फिर निशाना
गोंडा: कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को फिर राज्यमंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह और ज
गोंडा: कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को फिर राज्यमंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह और जिला प्रशासन पर बरसे। उन्होंने घोटालों पर राज्यमंत्री और प्रशासन की जमकर खिचाई की। उन्होंने कहा, चाहें खाद्यान्न हो, तेल हो, या फिर बालू, सब पंडित सिंह और अधिकारियों ने मिलकर आधा-आधा खाया है। कहा, सौ गांवों का कोटा संबद्ध है, उसका खाद्यान्न कहां जा रहा है, कौन बताएगा।
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के जांच कराने के बयान पर पलटवार करते हुए सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार उनकी भी तथा माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री पंडित सिंह की सीबीआइ से जांच करा लें, सारी सच्चाई निकलकर सामने आ जाएगी। दूध का दूध, पानी का पानी अलग हो जायेगा। साथ ही दिन भर चले धरने में वक्ताओं ने पुलिस प्रशासन से लेकर अन्य विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
गुरुवार को मंडल मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में धरने को संबोधित करते हुए कैसरगंज सांसद ने कहा कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार है, जनता सबकुछ जानती है। वह भारत सरकार से क्षेत्र का विकास कराने का पूरा प्रयास कर रहे हैं, साथ ही केंद्रीय योजनाओं में हो रही लूट की भी जांच कराई जाएगी। पैसा भारत सरकार का है, उसका यहां पर बंदरबांट किया जा रहा है। इसकी वह जांच करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता बेहद खराब है, आज बन रही सड़कें एक माह भी नहीं चल पा रही है। जनता परेशान है, लेकिन कोई किसी की सुनने वाला नहीं है। सांसद ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया। इसके साथ ही धरने को पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह, जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, रमापति शास्त्री, तुलसीदास राय चंदानी, सूर्य नरायन तिवारी, विष्णु प्रताप नरायन सिंह, डॉ. ओपी मिश्र, पंकज श्रीवास्तव, डॉ. प्रमोद त्रिपाठी, संजीव सिंह, जगतपाल सिंह, अमर किशोर कश्यप, घनश्याम पांडेय सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा गया।