कर्नलगंज में 25 करोड़ से बनेगा पॉलीटेक्निक
गोंडा: देवीपाटन मंडल के युवाओं को प्रदेश सरकार ने एक और सौगात दी है। तकनीकी शिक्षा की व्यवस्था न हो
गोंडा: देवीपाटन मंडल के युवाओं को प्रदेश सरकार ने एक और सौगात दी है। तकनीकी शिक्षा की व्यवस्था न होने से बाहर जाकर पढ़ाई करने को विवश युवाओं के लिए कर्नलगंज में 25 करोड़ रुपए की लागत से महर्षि पतंजलि पॉलीटेक्निक ऑफ इंफारमेशन टेक्नोलॉजी की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने अनुपूरक बजट में दो करोड़ रुपये की व्यवस्था की है।
वर्ष 2006 में सपा सरकार के दौरान उस वक्त के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने कर्नलगंज में महर्षि पतंजलि पालीटेक्निक ऑफ इंफारमेशन टेक्नोलॉजी को स्वीकृति दी थी। उस वक्त थोड़ा बहुत काम भी शुरू हुआ, लेकिन बाद में बसपा सरकार आने के बाद इन सारी योजनाओं को निरस्त कर दिया गया था। दोबारा सपा सरकार बनने के बाद प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री योगेश प्रताप सिंह ने एक बार फिर मामला प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समक्ष रखा। जिस पर अब कर्नलगंज में महर्षि पतंजलि पालीटेक्निक ऑफ इंफारमेशन टेक्नोलॉजी के निर्माण को स्वीकृति मिली। इसकी कुल लागत 25 करोड़ रुपए होगी। जिसके लिए दो करोड़ रुपए अनुपूरक अनुदान जारी कर दिया गया है। देवीपाटन मंडल में बनने वाला यह संस्थान वर्ष 2016 से शुरू होना है। आम पालीटेक्निक में सिर्फ तीन ट्रेड पढ़ाये जाते हैं, लेकिन यहां पर सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल के साथ ही सूचना प्रोद्यौगिकी की भी पढ़ाई होगी। इस सप्ताह मिलने वाली यह दूसरी सौगात है। इससे पहले कर्नलगंज में ही मत्सि्यकी उद्यमिता शिक्षण संस्थान की शुरूआत 12 नवंबर को हो चुकी है।