अधिवक्ताओं ने नारेबाजी कर निकाला जुलूस
गोंडा : न्यायिक अधिकारी व उप संचालक चकबंदी के विरोध में 14वें दिन मंगलवार को अधिवक्ताओं की हड़ताल जार
गोंडा : न्यायिक अधिकारी व उप संचालक चकबंदी के विरोध में 14वें दिन मंगलवार को अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी रही। अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। सभा कर दोनों अधिकारियों के खिलाफ जांच की मांग की। अधिवक्ताओं ने बैठक कर एक नवंबर तक हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है। उधर अधिवक्ताओं के छह सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने 31 अक्टूबर को आमंत्रित किया है।
पूर्व निश्चित कार्यक्रम के अनुसार बार एसोसिएशन अध्यक्ष रविचन्द्र त्रिपाठी, सिविल बार एसोसिएशन गंगा प्रसाद मिश्र व फौजदारी बार एसोसिएशन अध्यक्ष रवि प्रकाश पांडेय, महामंत्री अनिल कुमार सिंह, विजय कुमार श्रीवास्तव, बसंत शुक्ल, इंद्रजीत सिंह की अगुवाई में अधिवक्ताओं का हजूम कलेक्ट्रेट परिसर से नारेबाजी करते हुए दीवानी न्यायालय परिसर पहुंचा। यहां पहुंचकर जुलूस सभा में परिवर्तित हो गया। सभा को पूर्व अध्यक्ष सुरेश त्रिपाठी, संगम लाल सिंह, गोकरन नाथ पांडेय, रामकरन मिश्र, कौशल किशोर पांडेय, राजेश मिश्र, माधवराज मिश्र, इंद्रजीत सिंह, शमीम अतहर, ब्रहमानंद सिंह, गंगा प्रसाद मिश्र, बिंदेश्वरी दूबे, महाराज कुमार श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए आरोपित अधिकारियों को उच्चाधिकारियों के द्वारा संरक्षण दिए जाने की निंदा की। अधिवक्ताओं ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ जब तक कोई कार्रवाई नहीं होगी तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहने की बात कही। इसके बाद अधिवक्ताओं की बैठक हुई। बार एसोसिएशन अध्यक्ष रविचन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने अधिवक्ताओं के छह सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल को 31 सितंबर को वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि एक नवंबर तक हड़ताल जारी रहने का निर्णय लिया गया है।