चुनावी रंजिश में ही हुआ ओपी का कत्ल
गोंडा : ईट भट्टा व्यापारी ओम प्रकाश सिंह की हत्या का रविवार को पुलिस ने खुलासा करते हुए छह लोगों को
गोंडा : ईट भट्टा व्यापारी ओम प्रकाश सिंह की हत्या का रविवार को पुलिस ने खुलासा करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या का कारण पंचायत चुनाव के दौरान हुई रंजिश को ही माना जा रहा है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के मधवापुर टिकरी गांव निवासी व ईट भट्टा व्यापारी ओम प्रकाश सिंह की शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र राहुल सिंह ने आजाद विक्रम सिंह, राजेश विक्रम सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक भारत सिंह ने हत्या के खुलासे के लिए एएसपी आरके सिंह की अगुवाई में एसओजी, क्राइम ब्रांच व चार थानों की पुलिस को लगाया था। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने शनिवार की दोपहर गैसड़ी के पास से ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इसका खुलासा रविवार को किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक आरके सिंह ने बताया कि राजेश विक्रम सिंह, आजाद विक्रम सिंह निवासी मधवापुर टिकरी थाना वजीरगंज, वीर बहादुर सिंह उर्फ बीरू निवासी अनभुला, सोनू निवासी सुदामापुर, रोहित सिंह निवासी सुरदहापुरवा मोहनपुर थाना वजीरगंज व विपुल सिंह निवासी चीनी मिल कॉलोनी थाना नवाबगंज को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, एक मोटर साइकिल व सफारी वाहन बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि इटियाथोक की सीमा के पास से इन आरोपियों को पकड़ा गया है। ये सभी नेपाल भागने की फिराक में थे। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान आजाद विक्रम सिंह व ओम प्रकाश सिंह के बीच कहासुनी हुई थी। उन्होंने बताया कि आजाद विक्रम सिंह ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ना चाहता था, लेकिन ओम प्रकाश सिंह उसकी राह में सबसे बड़ा रोड़ा थे। पुलिस की मानें तो पिछले पंचायत चुनाव में भी उसको बेइज्जत किया गया था, जिससे वह आहत था।
दस-दस हजार का पुरस्कार
गोंडा : पुलिस अधीक्षक भारत सिंह ने बताया कि घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को डीआइजी, आइजी व स्वयं की तरफ से दस-दस हजार रुपए पुरस्कार दिया जाएगा। शीघ्र ही पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।