दीप जलाओ धरती का अंधेरा मिटाओ
गोंडा: जलाओ दीये पर रहे ध्यान इतना कि अंधेरा धरा पर कहीं रह न जाये.. का गीत गुनगुनाते हुए लोग प्रकाश
गोंडा: जलाओ दीये पर रहे ध्यान इतना कि अंधेरा धरा पर कहीं रह न जाये.. का गीत गुनगुनाते हुए लोग प्रकाश पर्व की तैयारी में लगे हुए है। शहर से लेकर गांव तक दीपपर्व का उल्लास देखने को मिल रहा है। कोई घरों को झालरों से सजाने में लगा हुआ है, तो कोई लक्ष्मी गणेश की प्रतिमाएं खरीदने में लगा हुआ है। हर ओर पूजन की तैयारी चल रही है। इन सबके बीच शिक्षण संस्थानों में रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बाजारों की रौनक लोगों को लुभा रही है।
गुरुवार को दीपपर्व है। दीपपर्व की धूम हर ओर दिखाई दे रही है। शहर हो या गांव हर ओर प्रकाश पर्व की आहट ने दस्तक दे दी है। कोई घरों को सजा रहा है, तो कोई दीप पर्व के लिए खरीददारी कर रहा है। बाजारों में गणेश-लक्ष्मी के साथ ही पूजन सामग्री की खरीदारी में सभी लोग लगे रहे। बुधवार को बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन की लाख कोशिशों के बाद भी पूरा शहर बुधवार को जाम के झाम से परेशान रहा। इधर हनुमानगढ़ी से ही सड़कों पर जाम रहा, जबकि महिला अस्पताल चौराहे से शहर के अंदर जाने वाले मार्गो पर भी जगह-जगह जाम लगा रहा। पार्किंग न होने के कारण दुकानों के बाहर वाहनों के जमावड़ा होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा भीड़ लइया चूरा के साथ ही गणेश-लक्ष्मी की दुकानों पर रही। पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर भी जबरदस्त उत्साह रहा। फुलवारी प्ले स्कूल में स्कूली बच्चों ने निदेशिका नीता सिंह के निर्देशन में दीपपर्व को लेकर रंगोली सजाई।
पूजन का समय
- ज्योतिषी पं शेषमणि त्रिपाठी ने बताया कि दीपावली पर पूजन का मुहूर्त सूर्यास्त के बाद से रात में दो बजकर 52 मिनट तक है। इस अवधि के दौरान सबसे पहले भूमि पूजन करना चाहिए। उसके बाद नौ ग्रह का पूजन करते हुए पूजन की अन्य सभी रस्मों का परंपरागत तरीके से निभाना चाहिए। दीपावली पर इस बार मेष राशि के जातकों के लिए स्त्री सुख, वृष राशि के लिए विजय, मिथुन के लिए संतान प्राप्ति, कर्क के लिए सुख, सिंह के लिए ऐश्वर्य, कन्या के लिए परिवार वृद्धि, तुला के लिए मानसिक शांति, वृश्चिक के लिए विदेश यात्रा, धनु के लिए महाधन लाभ, मकर के लिए भूमि से लाभ, कुंभ के लिए भाग्योदय, मीन के लिए रोग से मुक्ति का लाभ मिलना तय माना जा रहा है।
'' प्रकाश पर्व पर उन सभी के चेहरे पर मुस्कान लाकर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास किया जाये, जो अभी तक किसी वजह से उससे अछूते हैं। ऐसे लोगों की खोज करके उनका आर्थिक स्तर सुधारने के साथ ही उनके जीवन में प्रगति का दीया जलाने की पहल की जाये, जिससे हर ओर खुशियां ही खुशियां हों।''
- रवि प्रकाश अरोड़ा, आयुक्त देवीपाटन मंडल
'' दीपावली के पर्व का प्रकाश सभी के जीवन में प्रगति के नये आयाम तय करें, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास किया जाना चाहिए। विकास कार्यो को एक नयी गति प्रदान की जाये, शासकीय योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाया जाये। जिससे हर किसी के जीवन में दीपपर्व की खुशियां एक नयी सुबह लायें। यही हमारी कामना है। ''
- अजय कुमार उपाध्याय, जिलाधिकारी गोंडा