दीवानी में फोर्स देख भड़के अधिवक्ता
गोंडा : छह दिनों से चल रही अधिवक्ताओं की हड़ताल ने फरियादियों की कमर तोड़ दी है। जमानत की अर्जियां नही
गोंडा : छह दिनों से चल रही अधिवक्ताओं की हड़ताल ने फरियादियों की कमर तोड़ दी है। जमानत की अर्जियां नहीं दाखिल हो पा रही हैं। फरियादी बैरंग वापस लौटने को विवश हो रहे हैं। उधर अधिवक्ताओं ने धरना देकर कलेक्ट्रेट व न्यायिक परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील करने की निंदा की है।
दीवानी न्यायालय परिसर में न्यायिक भवन के सामने धरने को संबोधित करते हुए बार एसोसिएशन अध्यक्ष रविचन्द्र त्रिपाठी, सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष जीपी मिश्र, फौजदारी बार एसोसिएशन अध्यक्ष रवि प्रकाश पांडेय, महामंत्री अनिल कुमार सिंह व विजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि दीपावली त्योहार सिर पर है। जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस बल खोजे नहीं मिल रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासन ने दीवानी व कलेक्ट्रेट में फोर्स लगा रखी है। अधिवक्ताओं ने न्यायिक अधिकारी व डीडीसी के विरुद्ध चल रहे आंदोलन के सातवें दिन हजारों अधिवक्ताओं ने बैनर के साथ कलेक्ट्रेट व दीवानी परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। न्याय भवन के समक्ष धरना व जनसभा की। गोकरन नाथ पांडेय, पूर्व अध्यक्ष संगम लाल सिंह, बिंदेश्वरी प्रसाद दूबे, इंद्रजीत सिंह, गंगा प्रसाद मिश्र, राधेश्याम मिश्र, रामबुझारत दूबे, रामकृपाल शुक्ल ने अधिकारियों की हठधर्मिता पर चिंता जाहिर की। अध्यक्ष रविचन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि मंगलवार को सिविल परिसर में भ्रष्टाचार व घूसखोरी के विरुद्ध सभा का आयोजन किया जाएगा। बार एसोसिएशन सभागार में पूर्व अध्यक्ष बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश अजय शुक्ल अधिवक्ताओं के आंदोलन के बारे में जानकारी व अधिवक्ताओं को संबोधित करेंगे।
आज आएंगे पूर्व बार कौंसिल अध्यक्ष
गोंडा : अधिवक्ताओं की समस्याओं को सुनने के लिए बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पर्यवेक्षक के रूप में बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य एवं पूर्व चेयरमैन अजय कुमार शुक्ल मंगलवार को तीन बजे गोंडा आएंगे। अधिवक्ताओं की समस्याओं को सुनकर बार कौंसिल के समक्ष अपनी आख्या देंगे। एक लाख रुपए का चेक दिवंगत अधिवक्ता शिवदास शुक्ल की पत्नी कंचन देवी को प्रदान करेंगे। यह जानकारी प्रांतीय महासचिव धर्मेद्र सिंह सूर्यवंशी ने दी।