Move to Jagran APP

शिव के नारों से गूंज उठी जमीं व आसमां

By Edited By: Published: Fri, 29 Aug 2014 12:22 AM (IST)Updated: Fri, 29 Aug 2014 12:22 AM (IST)
शिव के नारों से गूंज उठी जमीं व आसमां

गोंडा : चल कांवड़िया चल कांवड़िया, कांवड़ा उठा नारा शिव का लगा, मन चाहा फल देंगे बाबा.., सारे गांव से दूध मंगाकर भोले को नहला दो, शंभू को नहला दो, मेरे भोले को नहला दो.. की भक्ति गीतों से शहर से लेकर गांव तक धूम मची रही। कजरी तीज पर भोले भंडारी शिव शंकर को खुश करने के लिए दुखहरणनाथ, पृथ्वीनाथ, बालेश्वरनाथ, करोहानाथ, बरखंडी नाथ सहित विभिन्न शिव मंदिरों पर लाखों लोगों ने जलाभिषेक किया। बुधवार की देर शाम से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला गुरुवार की देर शाम तक जारी रहा। दूर-दराज के नदियों व घाटों से जलभर कर नहलाने लाए कांवड़ियों का हुजूम भक्तों में उत्साह भरता दिखा। मार्ग पर कांवड़ियों की भीड़ से सड़कें भगवा रंग में नहाई दिखीं। श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए जगह-जगह झाकियां सजाई थीं तथा सेवा शिविर लगाए गए थे। सेवादार चना, हलवा व पूड़ी सब्जी सहित अन्य सामग्रियां वितरित करते रहे।

loksabha election banner

श्रद्धा व उल्लास से सराबोर कजरी तीज त्यौहार गुरुवार को संपन्न हो गया। बुधवार को ही सरयू घाट पर जल लेने के लिए कांवड़ियों का रेला उमड़ पड़ा। यहां से नदियों व घाटों से जल भरकर लाए कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजन किया और मनौतियां मांगी। शहर के दुखहरणनाथ मंदिर पर बुधवार की शाम से ही कांवड़ियों की भीड़ लगनी शुरू हो गयी थी। रात में करीब बारह बजते-बजते कांवड़ियों की कतार महिला अस्पताल चौराहे तक लग गयी। कांवड़ियों को संभालने में यहां पर तैनात पुलिस कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वैसे कोई दिक्कत न हो, इसके लिए महिला अस्पताल तिराहे से बैरियर लगाकर दो कतारें बनाई गई थीं। इन कतारों में खड़े होकर कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। कावड़िए हर-हर महादेव, बोल बम का नारा लगाकर भक्तों में ऊर्जा का संचार कर रहे थे।

खरगूपुर संवादसूत्र के अनुसार पांच लाख से अधिक लोगों ने जलाभिषेक पृथ्वीनाथ मंदिर में विराट शिव लिंग का जलाभिषेक किया। बुधवार की रात दस बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला गुरुवार देर शाम जारी रहा। यहां व्यवस्था के एडीएम राकेश कुमार मालपाणी सहित कई थानों की पुलिस पुलिस लगायी गई थी। यहां मंदिर परिसर में मेला भी लगा, जिसमें लोगों ने जरूरत की वस्तुएं खरीदीं। महिलाओं की भारी भीड़ रही।

कर्नलगंज संवादसूत्र के अनुसार सरयू घाट से जल लेने के लिए यहां पर कांवड़ियों की भीड़ लगी रही। एक अनुमान के मुताबिक करीब छह लाख कांवड़ियों ने यहां से जल भरा। यहां से जल ले जाकर कांवड़ियों ने विभिन्न शिव मंदिरों पर जलाभिषेक किया। बरखंडी नाथ मंदिर पर भी कजरीतीज में मेले का आयोजन किया गया।

वजीरगंज संवादसूत्र के अनुसार प्रसिद्ध बालेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का दिन भर तांता लगा रहा। हर-हर महादेव के जयकारे लगाते भक्तों ने कतार लगाकर शिव की आराधना की। यहां सुरक्षा व्यवस्था काफी चाक-चौबंद रही।

इसके अलावा मनकापुर के करोहानाथ में सुबह से भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई जो देर शाम तक कम होने का नाम नहीं ले रही थी। आर्यनगर संवादसूत्र के ब्लॉक रुपईडीह मुख्यालय पर स्थित प्रसिद्ध शंकर शिवाला पर शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया।

मसकनवां संवादसूत्र के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक कर भक्तों ने मनौतियां पूरी कीं। सभी मंदिरों के परिसर व मसकनवां फार्म हाउस पर मेला लगा जिसमें श्रद्धालुओं ने जरूरत की वस्तुएं खरीदीं। खालेगांव शिव मंदिर पर भी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। परसपुर संवादसूत्र के अनुसार श्रद्धालुओं ने शिव मंदिर पर जलाभिषेक किया। इसके साथ ही इटियाथोक, धानेपुर, बालपुर, कटराबाजार सहित अन्य क्षेत्रों में जलाभिषेक के लिए शिव मंदिरों पर तांता लगा रहा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.