सहारनपुर में हस्तक्षेप करें केंद्र सरकार
गोंडा: सूबे की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार से सहारनपुर के हालात सुधारने में हस्तक्षेप करने की मांग की है।
रविवार को सिविल लाइंस में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक भाजपा नेता अरुण कुमार शुक्ला के आवास पर हुई। जिसे संबोधित करते हुए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमाकांत तिवारी ने कहा कि एक तरफ जहां नरेंद्र मोदी गुड गर्वनेंस एवं विकास का ताना बाना बुन रहे हैं, वहीं वर उप्र की ध्वस्त कानून व्यवस्था कमजोर सरकारी तंत्र प्रदेश को बदहाली की तरफ ले जा रहा है। सुशासन प्रकोष्ठ के अवध क्षेत्र के सह संयोजक अरुण कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करा रही है। जिला मीडिया प्रभारी घनश्याम पांडेय ने कहा कि मुरादाबाद के कांठ में भाजपा कार्यकर्ताओं पर अमानवीय व्यवहार किया गया। जब मामले ने तूल पकड़ा तो ध्यान बांटने के लिए सहारनपुर में सुलगती चिंगारी को सपा सरकार ने हवा दे दी। उन्होंने इस घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से सहारनपुर के हालात सुधारने में हस्तक्षेप करने की अपील की गयी। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया। बैठक में जिला महामंत्री पीयूष मिश्र, नगर अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, कृपा राम तिवारी, राजेंद्र श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, जगदीश दत्त पांडेय, अरविंद, शशि दूबे, राम गोपाल सहित अन्य मौजूद थे।