दिनदहाडे़ बदमाशों ने 50 हजार लूटे
गोंडा : अभी किराना व्यवसाई की हत्या के चार दिन भी नहीं बीते थे कि बदमाशों ने शुक्रवार को एक और व्यवसाई को निशाना बना दिया। व्यवसाई से दो मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। उधर पुलिस ने इस घटना को फर्जी करार दिया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी कपड़ा व्यवसाई गणेश चंद्र गुप्त करीब साढ़े नौ बजे रिक्शे से कोलकाता जाने के लिए घर से निकले थे। जब वह सिटी मांटेसरी स्कूल के थोड़ा आगे पहुंचे तभी सामने से आ रहे दो मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। जब वह कुछ समझ पाते उनकी कनपटी पर तमंचे को सटा दिया। गणेश ने बिना विरोध के अपने पास रखा नगदी करीब 50 हजार बदमाशों को दे दिया। बदमाश रुपये लेकर सीधे गुड्डूमल चौराहे की तरफ से निकल भागे। पीड़ित व्यवसाई घर जाकर लेट गया। उसने अपने कुछ दोस्तों को फोन पर सूचना दी। इसके बाद नगर के व्यवसाइयों में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने बताया कि उसका टिकट फैजाबाद से कोलकाता के लिए था। वह बस से फैजाबाद जा रहा था। कपड़ा लाने के लिए 50 हजार रुपये अपने पास रखे था। सीओ सिटी आरपी सिंह को सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचे। पड़ताल की। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ सिटी आरपी सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया लूट का मामला फर्जी व मनगढ़ंत प्रतीत हो रहा है। देर शाम तक मामले का खुलासा हो जाएगा।