गाजीपुर में एक बालक का गुप्तांग काटकर भाग गई किशोरी
गाजीपुर के हंसराजपुर गांव में दोपहर एक हैरतअंगेज घटना से हड़कंप मच गया। एक किशोरी नौ साल के एक बालक का गुप्तांग काटकर भाग गई।
गाजीपुर (जेएनएन)। शादियाबाद क्षेत्र के हंसराजपुर गांव में आज दोपहर एक हैरतअंगेज घटना से हड़कंप मच गया। एक किशोरी नौ साल के एक बालक का गुप्तांग काटकर भाग गई। घायलावस्था में बालक को मनिहारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद बालक को वाराणसी रेफर कर दिया गया। जहां एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हंसराजपुर गांव निवासी गुप्ता परिवार के नौ वर्षीय छोटे पुत्र (9) को पड़ोस की 15 वर्षीय किशोरी दोपहर में अपनी साइकिल पर बैठाकर घर से कुछ दूर मकई के खेत में ले गई। कुछ देर बाद वहां से बालक के चीखने की आवाज सुनाई पड़ी। जब लोग पहुंचे तो खून से लथपथ बालक का गुप्तांग गायब था। वहां से किशोरी भाग रही थी। आग की तरह यह खबर क्षेत्र में फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो घटनास्थल से कुछ दूरी पर खेत में कटा हुआ गुप्तांग मिला। पुलिस किशोरी के घर पहुंची तो वह गायब थी। घरवाले कुछ भी बताने को तैयार नहीं थे। थानाध्यक्ष बिंद कुमार ने बताया कि बालक का गुप्तांग धारदार हथियार से काटा गया है। हालांकि, मौके से कोई हथियार नहीं मिला। किशोरी की तलाश की जा रही है। उधर, घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चायें हैं। लड़कों की तरह लाइफ स्टाइल में रहने वाली किशोरी ने ऐसा क्यों किया फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है।