जमानियां व दिलदारनगर स्टेशन का निरीक्षण
जासं, जमानियां (गाजीपुर) : पूर्व मध्य रेलवे दानापुर मंडल के डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर ने
जासं, जमानियां (गाजीपुर) : पूर्व मध्य रेलवे दानापुर मंडल के डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर ने सोमवार को जमानियां व दिलदारनगर स्टेशन का जायजा लिया। इस दौरान नई पानी टंकी को चालू कराने का निर्देश दिया। डीआरएम दोपहर 12.53 बजे अप लूप लाइन में अपने सैलून से दिलदारनगर स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने वहां से सीधे पैनेल रूम पहुंचकर उप स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार से समस्याओं की जानकारी ली। इस पर उप स्टेशन अधीक्षक ने रेलवे कालोनी में फैली गंदगी, जर्जर भवन व नल की टोटी से गंदा पानी गिरने की समस्या से अवगत कराया। इसके बाद डीआरएम मातहतों संग रेलवे कालोनी में पहुंचे। कालोनी में जलजमाव को देख जलनिकासी की समस्या को दूर करने का निर्देश दिए। ताड़ीघाट रेल लाइन के पास बनी नई पानी टंकी से इस माह तक कालोनी में पानी आपूर्ति शुरू कराने का सख्त निर्देश दिए। दोपहर 2.05 बजे जमानियां स्टेशन के अप लाइन में सैलून से पहुंचे डीआरएम की आगवानी स्टेशन अधीक्षक गणेश प्रसाद ने की। मातहतों संग स्टेशन के पूर्वी छोर पर अप व डाउन लाइन में चल रहे प्लेटफार्म विस्तारीकरण कार्य का जायजा लिया। कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया। निरीक्षण के बाद डीआरएम ने पत्रकारों को बताया कि यात्री सुविधाओं को बेहतर करना रेल की प्राथमिकता है। धीरे-धीरे सभी कार्य पूर्ण किये जाएंगे। स्टेशनों पर यात्रियों सुविधाओं को और बढ़ाया जाएगा। इसके बाद डीआरएम 2.20 बजे सकलडीहा स्टेशन की ओर रवाना हो गए।