जल चढ़ाने गए कांवरिया की डूबने से मौत
जागरण संवाददाता, जंगीपुर (गाजीपुर): वार्ड चार गुरुसेवक नगर मोहल्ला निवासी अर्जुन उर्फ जुगनू गुप्त
जागरण संवाददाता, जंगीपुर (गाजीपुर): वार्ड चार गुरुसेवक नगर मोहल्ला निवासी अर्जुन उर्फ जुगनू गुप्ता (32) की सासाराम बिहार में पहाड़ी नदी में डूबने से मौत हो गई। करीब सत्रह घंटे बाद बिहार पुलिस शव निकलवाने में सफल हो सकी। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे।
दरअसल, अर्जुन रविवार को बाइक से अपने साथियों संग जल चढ़ाने के लिए गुप्त धाम के लिए निकला। सोमवार को जलाभिषेक करने के बाद वे पैदल निकल रहे थे। उसी दौरान आगे पहाड़ी नदी मिली। सभी ने सोचा कि नदी गहरी नहीं है। एक-एक कर वे पार करने लगे। उसी दौरान अर्जुन का पैर फिसल गया और वह उसमें बह गया। यह देख अन्य साथी शोर-शराबा करने लगे। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। शाम होने के चलते शव की खोजबीन नहीं की जा सकी। मंगलवार की सुबह पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की तो दोपहर करीब एक बजे शव मिला। बिहार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
---
पांच संतानों में सबसे बड़ा था अर्जून
श्यामनारायण गुप्ता के पांच संतानों में अर्जुन सबसे बड़ा था। वह जंगीपुर बाजार में किराना के दुकान में पिता का हाथ बंटाता था। उसकी माता कमला देवी व अन्य तीनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे छोटी बहन भी बेहद गमजदा है। अर्जुन की शादी नहीं अभी नहीं हुई थी। हालांकि परिवार के लोग अब उस पर शादी के लिए दबाव बना रहे थे लेकिन होनी को तो कुछ और ही मंजूर था।
शिवमंदिर में काट लिया हाथ की नस
सैदपुर : नगर के वार्ड 15 निवासी मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक अजय जायसवाल (32) ने सोमवार की देर रात नगर स्थित बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर में अपने हाथ का नस काट लिया। बम-बम भोले चिल्लाते हुए युवक घर चला गया। घरवालों को इसका पता चला तो उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गए। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बता दें कि पिछली बार अजय वार्ड नंबर 15 से सभासद पद का चुनाव लड़ा था। बहुत कम वोट पाने के कारण उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी। शाम को वह मंदिर में पहुंचा और बम बम भोले का उदघोष जोर-जोर से करने लगा। इसके बाद अचानक हाथ का नस काट लिया। उसके द्वारा हाथ काटे जाने से अफरातफरी मच गई। बाद में लोगों का पता चला कि वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है। पुलिस चौकी के सिपाही जमुना तिवारी ने बताया कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है।