समय सारिणी गलत, यात्री परेशान
जखनियां (गाजीपुर) : स्थानीय रेलवे स्टेशन पर समय सारिणी के बोर्ड पर अंकित विवरण गलत होने से यात्री पर
जखनियां (गाजीपुर) : स्थानीय रेलवे स्टेशन पर समय सारिणी के बोर्ड पर अंकित विवरण गलत होने से यात्री परेशान हैं। बोर्ड पर एक्सप्रेस को पैसेंजर व पैसेंजर को एक्सप्रेस दर्शाया गया है।
बता दें कि 26 नवंबर को केंद्रीय रेल राज्य मंत्री व संचार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्हा स्टेशन पर महावीर चक्र विजेता शहीद रामउग्रह पांडेय की प्रतिमा का अनावरण किए। साथ ही जनता को रेलवे विभाग से जुड़ी सौगात भी दी। उसी समय विभागीय अधिकारियों द्वारा आनन-फानन में समय सारिणी का नया बोर्ड लगाया गया। बोर्ड की बात करें तो उसमें जो ट्रेनें वाराणसी सिटी स्टेशन तक ही चलती हैं उन्हें मडुआडीह तक दर्शाया गया है। 15111 अप व डाउन ट्रेनें जो वाराणसी से छपरा तक चलती हैं उनका उल्लेख ही नहीं है। भटनी से वाराणसी जाने वाली 55123 सवारी गाड़ी को मण्डुआडीह तक दर्शाया गया है। वाराणसी से गोरखपुर जाने वाली 15104 सवारी गाड़ी का बोर्ड पर उल्लेख ही नहीं है। इससे यात्रियों को समझ में नहीं आ रहा है। यात्री यह सोच रहे हैं कि ट्रेनों की दूरी बढ़ाई गई है। बुधवार को स्टेशन पर मौजूद यात्री रमेश, विनोद, श्यामलाल आदि ने बताया कि गलत समय सारिणी से हम भ्रमित हो रहे हैं। इधर स्टेशन मास्टर अशोक कुमार ने बोर्ड पर अंकित विवरण गलत होने की बात स्वीकार की। कहा कि शीघ्र ही विवरण दुरुस्त कराया जाएगा।