सैनिकों के सम्मान में चौराहे का होगा सुंदरीकरण
गाजीपुर : रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के प्रयास से भुतहियाटांड़ चौराहे का सुंदरीकरण कर देश के वीर सैन
गाजीपुर : रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के प्रयास से भुतहियाटांड़ चौराहे का सुंदरीकरण कर देश के वीर सैनिकों का सम्मान किया जाएगा। इसके निर्माण के लिए एनओसी देने के लिए रविवार को नेशनल हाइवे अथॉरिटी आफ इंडिया के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राम कुमार सूर्यवंशी ने अपने सहयोगियों के साथ चौराहे का सर्वे किया। साथ ही शीघ्र ही आगे की प्रक्रिया को पूरा करने का भरोसा दिलाया। इसे नगरपालिका पहले ही स्वीकृति प्रदान कर चुका है।
बीते 26 मार्च को ददरीघाट पर हुए कार्यक्रम में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने भुतहियाटांड चौराहे का सुंदरीकरण देश के सैनिकों को श्रद्धाजंलि देने के लिए करने की घोषणा की थी। इसके सुंदरीकरण की जिम्मेदारी सुलभ इंटरनेशनल को दी गई है। उनके अधिकारियों ने इसकी जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए इसकी डिजाइन तैयार किया। सड़क के चारो ओर भी सुंदरकीरकण का नक्शा तैयार किया। इसके लिए करीब 12 लाख का बजट भी स्वीकृत कर दिया गया है। इस संबंध में प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने चौराहा का सर्वे किया। उन्होंने चौराहा पर बनने वाली आकृति का नक्शा तैयार किया। इसके अलावा उन्होंने पूरे क्षेत्र की नाप लेकर फाइल को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। रेल राज्य मंत्री के निजी सचिव सिद्धार्थ राय ने बताया कि नेशनल हाइवे अथॉरिटी आफ इंडिया की ओर से एनओसी मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। साथ में इंजीनियर अभिषेक राज, अभिषेक राय, अनमोल आदि थे।