बारिश के चलते सड़कों पर फैला नाली का कूड़ा
गाजीपुर : नगर पालिका की अकर्मण्यता देखिए, मानसून की पहली बारिश के बाद ही सफाई की पोल खुल गई है। शहर
गाजीपुर : नगर पालिका की अकर्मण्यता देखिए, मानसून की पहली बारिश के बाद ही सफाई की पोल खुल गई है। शहर के प्रमुख बाजारों मसलन सकलेनाबाद, मिश्रबाजार, भुतहियांटांड़ समेत आधा दर्जन बाजारों से कूड़ों को अभी हटाया नहीं गया है। आधे से अधिक नालियां जाम होने के कारण गंदगी सड़कों पर जमा हो गई। कुछ स्थानों पर पटरियों पर पर रखे कूड़े बजबजा रहे हैं। नगरपालिका कर्मी इसके लिए माननीय को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि राजनीतिक दखलअंदाजी के चलते पूरे नगर का विकास कार्य ध्वस्त हो गया है। राजनीतिक दखलअंदाजी और कुछ सभासदों के अडं़गेबाजी के चलते बीते दो वर्ष से सभी विकास कार्य बंद हो गए। सभी टेंडर पर लगी रोक के कारण सफाई कार्य में भी ग्रहण लग गया। आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों पर रोक लगने के कारण पूरे नगर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कहीं नालियों की सफाई नहीं हो पाई है तो कहीं नाली साफ होने के बाद उसका कूड़ा बाहर पड़ा बजबजा रहा है। बारिश ने तो शहर की सूरत को और बिगाड़ दिया है। सड़क पर जमा पानी में तैरते कूड़े की सड़ांध ने लोगों का आवागमन दूभर हो गया। इस संबंध में नगरपालिका चेयरमैन विनोद अग्रवाल ने बताया कि बीते एक वर्ष से सभी विकास कार्य छप पड़े थे लेकिन उनके अधिकार बहाल हो चुके हैं। बुधवार से 110 बाहरी सफाई कर्मियों को लगाया जा रहा है। शीघ्र ही सभी टेंडर कराकर बाकी ठप पड़े विकास कार्यों को कराया जाएगा।