आग ने मचाया तांडव, दस झोपड़ियां राख
गाजीपुर : अलग-अलग क्षेत्रों में मंगलवार को आग ने तांडव मचाया। दस रिहायशी झोपड़ियां जल गईं। उसमें र
गाजीपुर : अलग-अलग क्षेत्रों में मंगलवार को आग ने तांडव मचाया। दस रिहायशी झोपड़ियां जल गईं। उसमें रखा घरेलू सामान व खाद्यान्न जल गया। आग बुझाने में तीन लोग झुलस गए।
करीमुद्दीनपुर : गोसलपुर में मंगलवार की दोपहर आग लग गई। छह रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गई। सबसे पहले बस्ती के छोटेलाल गोड़ की झोपड़ी में आग लगी। देखते ही देखते बगल की झोपड़ी भी चपेट में आ गई। छोटेलाल की दो, पारस गोड़, विंध्याचल गोड़, इंद्रदेव व दिनेश की एक-एक रिहायशी झोपड़ी राख हो गई। उसमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में आने से सात बकरियों ने झुलस कर दम तोड़ दिया। साथ ही बछिया व गाय झुलस गई। घटना के दौरान पीड़ित परिवार सिवान में फसल की कटाई करने गया था। छोटेलाल की झोपड़ी में चूल्हे की आग बुझी नहीं थी। इस बीच घर वाले सिवान में चले गए। बाद में अचानक चिंगारी से आग लग गई। ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। बाद में फायर ब्रिगेड के सिपाही व गाड़ी भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक उनके लिए कोई काम नहीं रह गया था। बहादुरगंज : कासिमाबाद थाना क्षेत्र ग्राम सभा रसूलपुर के फरीदनपुर में सोमवार की शाम आग लग गई। चार रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गई। सबसे पहले उदयनाथ की झोपड़ी में आग लगी। कुछ ही देर बाद बृजेश व कल्पनाथ की झोपड़ियां आग की जद में आ गई। उसमें रखा कपड़ा, बर्तन, खाद्यान्न, चारपाई, चौकी व गृहस्थी का सामान जल गया। आग की लपटों से भैंस व गाय झुलस गई। आग बुझाते समय खुशबू (18), सविता (50) व शंभू (60) झुलस गए। इन तीनों का परिवार वालों ने निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराया।
झोपड़ी समेत हजारों का सामान राख
देवकली : महमूदपुर पाली गांव में राममूर्ति प्रजापति की झोपड़ी में आग लग गई। उसमें रखा 5500 रुपये नकदी व घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटों से भैंस झुलसकर मर गई। आग बुझाने के प्रयास में बगल के सीताराम प्रजापति भी झुलस गए। उन्हें निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। राममूर्ति ने बताया कि करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है।
रुई की गोदाम में लगी आग
सैदपुर : स्थानीय थाना क्षेत्र के औड़िहार गांव निवासी विनोद मौर्य के रुई की गोदाम में दोपहर में आग लग गई। इससे करीब 35 हजार रुपये की रुई जलकर राख हो गई। विनोद रजाई-गद्दा बनाने का काम करते हैं। उन्होंने रुई गोदाम में रखा था। शार्ट-सर्किट से आग लग गई।