एमडीएम के लिए बच्चों ने किया सत्याग्रह
गाजीपुर : सांसद के गोद लिए गए आदर्श गांव में विकास कार्यो की बौछार होगी, ऐसी सरकार ने घोषणा कर रख
गाजीपुर : सांसद के गोद लिए गए आदर्श गांव में विकास कार्यो की बौछार होगी, ऐसी सरकार ने घोषणा कर रखी है। हालांकि मौजूदा समय में आदर्श गांव के हालात इससे जुदा हैं। विकास की कौन बात करे यहां के प्राथमिक विद्यालय में एमडीएम तक नहीं बन रहा है। इससे बच्चों को भूखे पेट पढ़ाई करनी पड़ती है। यह हाल है सांसद एवं रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा के आदर्श गांव दुल्लहपुर शंकर सिंह का। इस मुद्दे पर बुधवार को समग्र विकास इंडिया के अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य ब्रज भूषण दुबे समेत अन्य लोगों के संग बच्चों विद्यालय में सत्याग्रह किया।
दुबे ने बच्चों के हवाले से बताया कि 23 फरवरी से ही यहा का चूल्हा बुझा हुआ है। यही नहीं पूरे जनपद के 70 फीसद प्राथमिक एवं जूनियर स्कूलों के बच्चे भूखे पेट लौट रहे हैं। कहा जब सासद के गोद लिए गांव के विद्यालय में यह स्थिति है तो अन्य विद्यालयों में एमडीएम के बारे में सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रधानाध्यापक रामअवतार ने बताया कि 22 फरवरी को अंतिम बार खिचड़ी बनी थी। इसके बाद खाद्यान्न के अभाव में एमडीएम नहीं बन रहा है। इसकी जानकारी खंड शिक्षाधिकारी को भी दी गई है। इसके अलावा यह स्कूल अन्य कई समस्याओं से घिरा है। यहां का शौचालय प्रयोग के लायक नहीं है। सत्याग्रह में कमलेश राम, प्रकाश चंद गुप्ता, प्रिंस मौर्या एवं चंद्रशेखर आदि शामिल थे।