किसानों के लिए आसमान से बरसी बर्बादी की बौछार
गाजीपुर : लहलहाती फसलों पर बारिश के साथ तेज हवाओं ने दूसरे दिन भी कहर ढाया। सोमवार को हुई बारिश क
गाजीपुर : लहलहाती फसलों पर बारिश के साथ तेज हवाओं ने दूसरे दिन भी कहर ढाया। सोमवार को हुई बारिश के बाद कुछ राहत थी लेकिन रात में मूसलधार बारिश से खेती पर आफत बरसती रही। किसानों के अरमानों पर हुई बर्बादी की बारिश ने फसलों को खेतों में ही बिछा दिया। गेहूं, सरसों, अरहर के बाद अब आलू की फसल पर भी खतरा मंडराने लगा। मौसम के पलटवार ने जनमानस को ठंड का अहसास कराते हुए सेहत पर भारी पड़ा है। वहीं जलजमाव और कीचड़ से लोग परेशान हैं।
पूरे दिन बादल छाए रहने के बाद शाम होते ही छंटने लगे। देर रात आसमान बिलकुल साफ हो गया। आधी रात के बाद अचानक आसमान पर बादल फिर घिर आए। अचानक गरज-तड़प के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। हालांकि कुछ ही देर बरसने के बाद बादल उड़ गए। सुबह काफी ठंडी रही। पूरे दिन बादल और सूरज के बीच आंख-मिचौली जारी रही। दोपहर में तेज धूप ने गर्मी का अहसास कराया। नगर में जगह-जगह जलजमाव से आवागमन में परेशानी होने लगी। उधर सूखे से हलकान किसान लहलहाती फसलों को देख खुशी का अहसास होता था। ऐसे में बारिश ने तबाही का मंजर दिखाया। स्कूलों व सड़कों पर जलजमाव हो गया। कीचड़ युक्त सड़कों पर राहगीर गिरते-पड़ते अपना सफर पूरा किए।
मनिहारी : बारिश व तेज हवा के चलते क्षेत्र में गेहूं की फसल गिर गई है। बेमौसम हुई बारिश से किसानों की चिंताएं बढ़ गई है। हालांकि सुबह धूप निकलने के बाद किसानों ने राहत की सांस लिया। जंगीपुर: तेज हवा के चलते रात के पहर कई जगहों पर विद्युत तार टूट कर गिर गए। वहीं खेतों में फसल गिर गई। बिजली रात भर गायब रही। किसानों का कहना है कि बेमौसम हुई बारिश व तेज हवा से फसलें बर्बाद हो गई है।
आम का बौर भी प्रभावित
महराजगंज : तेज हवा व बारिश की वजह से आम के बौर गिर गए। वहीं दलहनी फसलों अरहर, चना, मटर, मसूर की खेती भी खराब बर्बाद हो गई।
मौसम से किसानों की होली प्रभावित
मुहम्मदाबाद : फाल्गुन मास में जमकर हुई बारिश ने किसानों के चेहरे का रंग पूरी तरह से उतार दिया है। मौसम की मार से किसानों की होली फीकी पड़ गई है। मंगलवार की भोर में जमकर हुई बारिश से जहां आलू की खोदाई का कार्य तो बंद ही हो गया वहीं पौधों के पास पानी लग जाने से आलू के सड़ने का खतरा पैदा हो गया है। हवा व तेज बारिश के चलते गेहूं की फसल खेतों में गिर गई है। जो शायद ही अब पूरी तरह से सीधा हो सके। लौवाडीह : बेमौसम हुई बारिश से करईल में मसूर की फसल को काफी नुकसान हुआ है। भोर में हुई तेज बारिश से फसल बर्बाद हो गई है। किसान फसलों को देख कर अभी से अच्छा उत्पादन होने की घरवालों से चर्चा कर रहे थे लेकिन इंद्रदेव ने उनके सारे अरमानों पर पानी फेर दिया।
करंडा: भोर में हुई बारिश व तेज हवा से फसलों को ज्यादा नुकसान हुआ है। खेत में ही गेहूं व अरहर की फसल गिर गई है। वहीं सड़कों पर जगह-जगह जलजमाव हो गया है।