मानव जीवन के लिए बचाना होगा पर्यावरण
गाजीपुर : आरटीआइ सभागार में शनिवार को वन विभाग की तरफ से जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें
गाजीपुर : आरटीआइ सभागार में शनिवार को वन विभाग की तरफ से जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें लोगों को वन के महत्व एवं उसके क्षरण के बारे में चर्चा की गई। साथ ही वन संरक्षण के लिए जागरूक भी किया गया।
पीजी कालेज के पर्यावरण विद डा. अचल कुमार ने कहा कि पृथ्वी पर जल, थल एवं आकाश में विचरण करने वाले समस्त जीव-जंतु एवं वनस्पतियां पर्यावरण के अंग हैं। यदि मानव जीवन को संरक्षित करना है तो हमें पर्यावरण को बचाना होगा। उन्होंने कृषि में विविध प्रजातियों को उगाने पर बल दिया। उमेशचंद श्रीवास्तव ने मिट्टी में अत्यधिक रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों के प्रयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए जैविक खाद डालने के लिए प्रेरित किया।
प्रभागीय निदेशक आरपी यादव ने कहा कि सभी जीव महत्वपूर्ण हैं और इनका आपसी संबंध है। मानव जीवन की रक्षा के लिए हमें सभी प्रजातियों का संरक्षण करना होगा। प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाना चाहिए। कार्यक्रम में उप प्रभागीय अधिकारी रमेशचंद्र श्रीवास्तव, वन क्षेत्राधिकारी मुन्ना गौड़, रामजीवन पांडेय एवं विजयशंकर सिंह आदि सहित काफी संख्या में किसान, छात्र मौजूद थे। संचालन उमाशंकर द्विवेदी ने किया।