दलित उद्धार आंदोलन के मजबूत स्तंभ रहे संत गाडगे
मनिहारी (गाजीपुर) : धोबी कल्याण समिति की ओर से सहेड़ी गांव के प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को संत
मनिहारी (गाजीपुर) : धोबी कल्याण समिति की ओर से सहेड़ी गांव के प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को संत गाडगे की जयंती पूरे धूमधाम के साथ मनाई गई। मुख्य अतिथि धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री विजय मिश्र ने कहा संत गाडगे के बताए रास्ते पर चलने के लिए हम सभी को संकल्प बद्ध होना चाहिए। संत गाडगे ने समाज के उत्थान के लिए अविस्मरणीय कार्य किया है। मंत्री ने सपा को सर्व समाज का हितैषी बताया।
मिश्र ने धोबी समाज के सम्मान और हक के लिए सहयोग का भरोसा दिया। कहा नगर के किसी प्रमुख स्थान पर संत गाडगे की प्रतिमा लगवाने का वह हर संभव प्रयास करेंगे। धोबी कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष सहेंद्र कन्नौजिया ने कहा कि संत गाडगे हमेशा कुरीतियों का विरोध करते रहे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की अपील पर समर्थकों के साथ आजादी की लड़ाई में हिस्सा लिया। बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडक र के दलित उद्धार आंदोलन के संत गाडगे मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने अपने जीवन में कुआं, नदियों पर घाट, धर्मशाला, अस्पताल, विद्यालय, कुष्ठ आश्रम बनवाया। सहेंद्र ने संत गाडगे की जयंती पर अब तक सार्वजनिक अवकाश की घोषणा नहीं किए जाने पर अफसोस जताया। रमायन कन्नौजिया, आजाद कन्नौजिया, रामनगीना कन्नौजिया, डा. रामप्रवेश, शंभूनाथ कन्नौजिया, लक्ष्मण कन्नौजिया, रामनाथ कन्नौजिया आदि ने भी विचार व्यक्त किए। सभी ने संत गाडगे को महान समाज सुधारक बताया। अध्यक्षता चंद्रमा कन्नौजिया व संचालन अक्षय कुमार कन्नौजिया ने किया। ग्राम प्रधान सदानंद कन्नौजिया ने आभार जताया।