उत्साह पूर्वक मनेगा गणतंत्र उत्सव
गाजीपुर : गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जनपद के सभी कार्यालयों सहित शिक्षण संस्थ
गाजीपुर : गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जनपद के सभी कार्यालयों सहित शिक्षण संस्थानों पर धूमधाम से यह राष्ट्रीय पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। कलेक्ट्रेट को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया जा चुका है। सुबह साढ़े नौ बजे पुलिस लाइन में परेड की सलामी पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह लेंगे। साथ ही स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट व जिला न्यायाधीश जनपद न्यायालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
सबसे पहले नगर में सुबह साढ़े सात बजे विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की दो भाग में प्रभात फेरी निकलेंगी। पहली प्रभात फेरी टाउनहाल से व दूसरी डिग्री कालेज चौराहा से प्रारंभ होगी। दोनों कलेक्ट्रेट पहुंच कर सभा में तब्दील हो जाएगी। प्रभातफेरी के दौरान बच्चे राष्ट्रगीत, स्लोगन का प्रदर्शन तथा राष्ट्रभक्ति नारे लगाते हुए चलेंगे। साढे़ आठ बजे जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर कर्मचारियों को संविधान के प्रति शपथ दिलाएंगे। सरकारी भवनों पर झंडारोहण, अभिवादन, संविधान में उल्लेखित संकल्प का स्मरण व राष्ट्रगान होगा। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी सम्मानित करेंगे। उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने तहसीलों मे कार्यक्रम आयोजित कराएंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित करने के लिए ले आएंगे और उनको घर तक पहुचाएंगे। नगर पालिका, नगर पंचायतों में महापुरुषों की मूर्तियों की सफाई होगी। उन पर माल्यार्पण नगर के अधिकारी करेंगे। नगर पालिका क्षेत्र के रजागंज मोहल्ले की मलिन बस्ती में सफाई एवं स्वास्थ्य शिविर लगेगा। जिला चिकित्सालय एवं बाल सुधार गृह मे रोगियों तथा बच्चों को फल एवं मिष्ठान का वितरण कराया जायेगा। सैदपुर : गणतंत्र दिवस की तैयारियां विद्यालयों में होती रही। सभी विद्यालयों पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। शादियाबाद : गणतंत्र दिवस की तैयारी धूमधाम से की जा रही है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
गणतंत्र दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए शहीदों की कुर्बानी को याद किया जाएगा। पुलिस लाइन आरक्षी परेड की तैयारी में मसरूफ दिखे। पुलिस लाइन मैदान में परेड ट्रैक बनाए जा चुके हैं। अतिथियों के स्वागत के लिए महिला पुलिस रंगोली बना रही थीं। मैदान के एक छोर पर टेंट एवं कतार में कुर्सियां लगाई जा चुकी हैं।