Move to Jagran APP

ठंड ने ली एक और की जान

गाजीपुर : बादल, बारिश और बढ़ी ठंड ने रविवार को भी एक व्यक्ति की जान ले ली। ठंड से अब तक मरने वालों क

By Edited By: Published: Sun, 14 Dec 2014 06:54 PM (IST)Updated: Sun, 14 Dec 2014 06:54 PM (IST)
ठंड ने ली एक और की जान

गाजीपुर : बादल, बारिश और बढ़ी ठंड ने रविवार को भी एक व्यक्ति की जान ले ली। ठंड से अब तक मरने वालों की संख्या दो हो गई। रविवार को पूर दिन आसमान पर बादल छाए रहे। दोपहर बाद हुई बूंदाबांदी ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया। शाम को सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। बारिश का पानी जहां गेहूं की फसल के लिए लाभदायक रहा तो वहीं आलू को नुकसान पहुंचना वाला साबित होगा।

loksabha election banner

बादल सुबह से ही आसमान पर डेरा जमाए थे। हालाकि दस बजे कुछ देर के लिए भगवान भास्कर के दर्शन हुए लेकिन फिर सूरज फिर बादलों की ओट में हो गया। दोपहर तक बादल घने हो गए। इसके बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई जो देर शाम तक जारी रही। बारिश के कारण गलन बढ़ गई। अवकाश का दिन होने के कारण लोग घरों में दुबके रहे। बारिश के कारण खुले में अलाव भी नहीं जलाए जा सके। वहीं बारिश से गेहूं की खेती करने वाले किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं आलू की बोआई करने वालों के माथे पर चिंता की लकीरें देखी गई। सड़क पर आते-जाते लोग शाल, व स्वेटर आदि से पूरे शरीर को ढंके थे। बच्चों व वृद्धों को ठंड से बचाने के लिए परिवार के सदस्य फिक्रमंद थे।

होगा ठंड में इजाफा

पीजी कालेज वेधशाला के उपप्रेक्षक मदन गोपाल दत्त ने बताया कि न्यूनतम 13.4 एवं अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम साफ होने पर ठंड में इजाफा होने का अनुमान है।

आलू की करें सिंचाई

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा. दिनेश सिंह के मुताबिक आलू को पाला से बचाने के लिए किसानों को सिंचाई करनी चाहिए। साथ ही शाम के समय धुंआ कर उनकी हिफाजत की जा सकती है।

प्रशासन ने नहीं जलवाया अलाव

मुहम्मदाबाद : हल्की बारिश होने से गलन व ठंड में इजाफा हो गया। बारिश समाप्त होने के बाद मौसम साफ होने पर गलन बढ़ने का आसार बढ़ गए हैं। प्रशासन की ओर से कही भी अलाव की व्यवस्था नहीं कराई गई है। इससे लोगों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। बारिश का रूख देख आलू की खेती में लगे किसान काफी चिंतित है। वहीं अन्य फसलों की खेती में लगे किसान काफी राहत महसूस कर रहे हैं। आलू की खेती में लगे किसानों का कहना है कि बारिश के बाद जब पाला पड़ेगा तो वह पौधे बर्बाद हो जाएंगे। वहीं गेहूं, मसूर, चना आदि की बोआई किए किसानों का कहना है कि यह पानी पौधों के विकास में सहयोग करेगा। सैदपुर : गलन बढ़ने से आम लोग परेशान हैं लेकिन अब तक कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे लोग ठंड से ठिठुरते दिखे। नगर सहित ग्रामीण अंचलों के नागरिकों ने जगह-जगह अलाव जलवाने की माग की है। जखनिया : भगवान भास्कर के दर्शन नही होने से शाम होते ही लोग अपने घरो में दुबकने को मजबूर हो गए। कस्बे में हल्की बूंदाबांदी से फिसलन बढ़ गई। सब्जी मंडी में आवक कम होने से दुकानदारों ने मनमाने दाम पर सब्जियों की बिक्री की। दुकानों पर गर्म ऊनी कपड़े व कंबल खरीदते लोग नजर आए। कड़ाके की ठंड के बाद भी प्रशासन की ओर से अलाव नही जलवाया गया था। तहसीलदार ओमप्रकाश ने बताया कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर अलाव जलवाया जा रहा है। साथ ही पूरे तहसील क्षेत्र में 22 सर्वाजनिक स्थल चिह्नित किए गए हैं। क्षेत्रीय लेखपालों को तत्काल अलाव जलवाने के आदेश दिए गए हैं। जमानियां : क्षेत्र में हल्की बूंदाबादी के चलते ठंड बढ़ गई है। रवि की फसलों के लिए फायदेमंद रहा। हालांकि खलिहान में रखे धान के बोझ जल गए हैं। गहमर : कोहरा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शनिवार की शाम हल्की बूंदाबादी हुई। ग्रामीणों का कहना है कि ठंड बढ़ने से प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों को बंद कर देना चाहिए। क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था कराई जाए।

विलंबित रही ट्रेनें

दिलदारनगर : ठंड और कोहरे के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। यात्रियों को स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में ठंड के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय स्टेशन पर अप व डाउन लाईन में ट्रेनें घटो विलंब से पहुंची। दिल्ली से सियालदह जाने वाली अपर इंडिया एक्सप्रेस घने कोहरे के कारण रद कर दी गई। इसके अलावा अप में गरीब रथ 15, पंजाब मेल, सीमाचल दो-दो, फरक्का छह, कोलकाता -आनंद बिहार, विभूति व अमृतसर तीन-तीन, श्रमजीवी एवं ब्रहमपुत्र मेल एक-एक घंटा विलंब से रही। वहीं डाउन में सीमाचल एवं आनन्द बिहार-कोलकाता दस, श्रमजीवी, पंजाब मेल, फरक्का एवं कुर्ला-पटना एक्सप्रेस दो-दो, तूफान आठ, मगध तीन, ब्रह्मापुत्र एक्सप्रेस दो घंटे विलंब से रही।

सब्जी विक्रेता की मौत

जंगीपुर : स्थानीय कस्बा के वार्ड नंबर सात गोविंद नगर निवासी सब्जी विक्रेता हरिओम साहू (27) की मौत हो गई। इससे घर में कोहराम मच गया। घरवालों के अनुसार हरिओम की सुबह अचानक ठंड लगने से तबीयत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात के पहर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी जाते वक्त रास्ते में ही हरिओम ने दम तोड़ दिया।

बांटे गए कंबल

सादात : क्षेत्र के शिकारपुर गांव में छुट्टी पर आए फौजी चंद्रपाल यादव ने 13 गरीबों को कंबल वितरित किया। इस मौके पर कुश्ती के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सीता यादव, स्वामी नाथ यादव, लालता यादव, राजेंद्र यादव आदि उपस्थित थे। वहीं संकट मोचन सेवा समिति की ओर से कंबल वितरण का कार्यक्रम किया गया। समिति के अध्यक्ष श्यामलाल कुशवाहा ने कंबल वितरण के दौरान कहा कि कमजोर वर्ग की सेवा करना हम सभी का कर्तव्य है। इस मौके पर श्यामदेव पासर, रामजी यादव आदि थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.