राशन कार्ड नहीं देना चाहती केंद्र सरकार : रघुराज
गाजीपुर : प्रदेश सरकार में खाद्य एवं रसद मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि पिछली एवं मौजूदा सरकार
गाजीपुर : प्रदेश सरकार में खाद्य एवं रसद मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि पिछली एवं मौजूदा सरकार ने बीपीएल एवं अंत्योदय कार्डधारकों की संख्या में इजाफा नहीं किया है इससे गरीबों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। श्री सिंह शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री रामगोविंद चौधरी के पत्नी की तेरही में जाते समय बंशी बाजार स्थित राही पर्यटक में पत्रकारों से मुखातिब थे।
उन्होंने कहा कि बीपीएल और एपीएल कार्डधारकों की संख्या केंद्र सरकार नहीं बढ़ाना चाहती। इसके लिए कई बार केंद्र सरकार से वार्ता की जा चुकी है। बावजूद इसके कोई लाभ नहीं हुआ। खाद्य एवं सुरक्षा योजना केनियम केंद्र सरकार तय करती है। प्रदेश सरकार उसका पालन करती है। राशन कार्ड के कंप्यूटरीकरण का काम पूरा हो गया है। नए कार्ड नियम के अनुसार बनेंगे लेकिन कब तक यह लोगों को मिल पाएंगे इसका जवाब केंद्र देगा।
उन्होंने माना कि सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं के दाम कम हैं। यही कारण है कि किसान बाजार में अपने अनाज को बेच रहा है। उन्होंने सूचना निदेशालय की ओर से जारी सूची में महावीर चक्र विजेता रामउग्रह पांडेय एवं पद्मश्री से सम्मानित सीताराम पाल का नाम नहीं होने पर हैरानी जताई। कहा कि यह बड़ी चूक है इसमें सुधार किया जाएगा। उन्होंने बीएचयू में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की जमकर निंदा की।
कहा कि बीएचयू में छात्रसंघ चुनाव पर रोक का कारण समझ में नहीं आ रहा है। धरना दे रहे छात्रों पर बर्बरता से पीएससी द्वारा लाठीचार्ज करना सरासर अन्याय है। वह घायल छात्रों को देखने गए थे। इसमें दो छात्र गंभीर रूप से घायल हैं। पूरे मामले को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा, रामधारी यादव, मन्नू सिंह आदि थे।